Jaisalmer Bus Fire: मंगलवार दोपहर 3:30 बजे राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक AC स्लीपर बस में अचानक आग लग गई, जिसमें 20 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई।

बस में कुल 57 लोग सवार थे। हादसे में झुलसे 15 अन्य यात्रियों में 2 बच्चे और 4 महिलाएं भी शामिल हैं। झुलसे यात्रियों को पहले जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया है।

शॉर्ट सर्किट बनी आग की वजह
प्रशासन की शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। घटना के समय बस हाईवे पर तेज़ रफ्तार में थी, जिससे आग फैलने के बाद यात्री घबरा गए। जान बचाने के लिए कई लोगों ने चलती बस से कूदने की कोशिश की।
जलकर खाक हो गई बस
जैसलमेर कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। आग इतनी भीषण थी कि कई शवों की पहचान संभव नहीं हो पाई है। मृतकों की पहचान के लिए DNA टेस्ट कराया जाएगा। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की अपील की है।
नई थी बस, 5 दिन पहले ही खरीदी गई
यह बस हाल ही में, मात्र 5 दिन पहले ही खरीदी गई थी, जो निजी ट्रेवल एजेंसी द्वारा चलाई जा रही थी। हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था और वाहन फिटनेस पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राहत और बचाव कार्य में तेजी
जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने में काफी समय लगा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों की हालत नाजुक
झुलसे हुए यात्रियों में से अधिकांश 70 प्रतिशत तक जल चुके हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को जोधपुर के बड़े अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।











