Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव (2025) के मैदान में इस बार भोजपुरी के पावर स्टार खेसारी लाल यादव की धमाकेदार एंट्री होने जा रही है। राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं को बल देते हुए, सुपरस्टार की पत्नी चंदा देवी के छपरा विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर चुनाव लड़ने की खबर सामने आई है।

हालांकि खेसारी लाल यादव ने बुधवार (15 अक्टूबर 2025) को मीडिया से कहा था कि वह पिछले चार दिनों से अपनी पत्नी को चुनाव लड़ने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी पत्नी अभी तैयार नहीं हैं।

खेसारी ने कहा, “मैं चाहता हूं कि मेरी पत्नी चुनाव लड़े। अगर वह मान जाती हैं, तो हम नामांकन दाखिल करेंगे, नहीं तो मैं सिर्फ प्रचार करूंगा और भैया (तेजस्वी यादव) को जिताने की कोशिश करूंगा।”
मैनेजर ने की दावे की पुष्टि
इस बीच, खेसारी लाल यादव के मैनेजर सोनू पांडेय ने इस खबर की पुष्टि कर दी है। सोनू पांडेय के मुताबिक, चंदा देवी फिलहाल मुंबई में हैं और वह गुरुवार (16 अक्टूबर 2025) को खेसारी लाल के साथ पटना आएंगी। इसके बाद आधिकारिक तौर पर उनके चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी जाएगी।अगर चंदा देवी इस सीट से आरजेडी उम्मीदवार बनती हैं, तो छपरा विधानसभा की लड़ाई बेहद दिलचस्प हो जाएगी।
छपरा सीट का सियासी समीकरण
छपरा विधानसभा सीट लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का गढ़ रही है। वर्तमान में इस सीट से डॉ. सीएन गुप्ता विधायक हैं, जिन्होंने लगातार दो कार्यकाल तक सीट का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, इस बार बीजेपी ने उनका टिकट काटकर छोटी कुमारी को मैदान में उतारा है।
2020 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी और आरजेडी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली थी। डॉ. सीएन गुप्ता को 75,710 वोट मिले थे, जबकि आरजेडी के रणधीर कुमार सिंह 68,939 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। वोटों का यह मामूली अंतर दर्शाता है कि यह सीट कितनी संवेदनशील है।
निर्णायक मतदाता और खेसारी का प्रभाव
छपरा सीट पर यादव, राजपूत, ब्राह्मण, बनिया और मुस्लिम मतदाताओं की संख्या चुनावी नतीजों में निर्णायक भूमिका निभाती है। भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव खुद छपरा जिले के रहने वाले हैं और बिहार-यूपी में उनके प्रशंसकों की संख्या करोड़ों में है।
ऐसे में, अगर उनकी पत्नी चंदा देवी चुनाव लड़ती हैं, तो यह ‘खेसारी फैक्टर’ आरजेडी के लिए एक बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकता है। देखना यह होगा कि छपरा की जनता खेसारी के प्रभाव को कितना वोट में बदल पाती है। यह चुनाव न केवल आरजेडी के लिए बल्कि भोजपुरी जगत के इस सितारे के लिए भी एक बड़ी राजनीतिक परीक्षा होगी।











