T20 World Cup 2026: नेपाली क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए 2026 में होने वाले आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर नेपाल ने बुधवार को मेगा इवेंट में अपनी जगह पक्की की और वह टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाली 19वीं टीम बन गई है।

नेपाल के साथ ही ओमान ने भी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टिकट हासिल कर लिया है। यह दूसरी बार है जब नेपाल और ओमान दोनों ही टीमें टी20 वर्ल्ड कप में खेलेंगी। इससे पहले दोनों ने 2024 में हुए टूर्नामेंट के पहले राउंड में जगह बनाई थी।

भारत और श्रीलंका करेंगे मेजबानी
अगले साल 6 फरवरी से 7 मार्च के बीच आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होना है। इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी। नेपाल का क्वालीफाई करना देश के क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जो पिछले कुछ समय से लगातार शानदार खेल दिखा रहा है।
क्वालीफायर में अजेय रहा नेपाल
नेपाल ने ICC Men’s T20 World Cup Asia & EAP Qualifier में शानदार और अजेय प्रदर्शन किया है। टीम ने अपने चारों लीग मैच जीतकर सबको प्रभावित किया। नेपाल ने कतर को 5 रनों से, यूएई पर एक रन से करीबी जीत दर्ज की। इसके अलावा, जापान को 5 विकेट से और कुवैत को 58 रनों के बड़े अंतर से मात दी। क्वालीफायर में इस दमदार प्रदर्शन ने ही उन्हें वर्ल्ड कप तक पहुंचाया है।
वेस्टइंडीज को हराकर बनाया था रिकॉर्ड
सिर्फ क्वालीफायर ही नहीं, नेपाल ने हाल ही में वेस्टइंडीज जैसी फुल नेशन टीम को टी20 सीरीज में 2-1 से हराकर भी इतिहास रचा था। यह नेपाल की किसी पूर्ण सदस्य टीम के खिलाफ पहली टी20 सीरीज जीत थी, जो उनके बढ़ते कद को दर्शाती है।
नेपाल के स्टार खिलाड़ी
नेपाल की इस सफलता में उनके युवा खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा है। पिछले एक साल में बल्लेबाजों में कुशल भुर्तेल ने सबसे अधिक 565 रन बनाए हैं, जिसके बाद आसिफ शेख (379 रन) और कप्तान रोहित पॉडेल (372 रन) का नंबर आता है। गेंदबाजी में लेग स्पिनर संदीप लामिछाने 19 विकेट के साथ सबसे आगे हैं, जबकि सोमपाल कामी ने 14 और नंदन यादव ने 13 विकेट चटकाए हैं।
क्वालीफाई करने वाली टीमें:
अब तक टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर चुकी 19 टीमें ये हैं: भारत (मेजबान), श्रीलंका (मेजबान), अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त राज्य अमेरिका, वेस्टइंडीज, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, कनाडा, इटली, नेदरलैंड्स, नामीबिया, जिम्बाब्वे, ओमान और नेपाल।
नेपाल का लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करना, देश में क्रिकेट के भविष्य के लिए एक सुनहरी किरण है। टीम अब 2026 में होने वाले मेगा इवेंट में बड़े देशों को कड़ी टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार है।











