Viral Marriage Story : क्या आपको महाराष्ट्र की वह चर्चित लड़की आंचल याद है, जिसने पिछले साल अपने प्यार की खातिर एक ऐसा कदम उठाया था जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था? यह वही आंचल है जो नवंबर 2025 में तब जबरदस्त सुर्खियों में आई थी, जब उसने अपने मृत प्रेमी सक्षम ताटे की लाश के साथ शादी रचाई थी। उस भावुक कर देने वाले पल में आंचल ने सक्षम के रोते-बिलखते माता-पिता का हाथ थामकर वादा किया था कि वह अब कहीं नहीं जाएगी। उसने कहा था, “मैं अब इसी घर में रहूंगी, आपके साथ, आपका बेटा बनकर आपकी सेवा करूंगी।”
लेकिन अब इस कहानी में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। महज कुछ महीनों के भीतर ही आंचल ने अपना वह ससुराल छोड़ दिया है, जिसे उसने अपना सर्वस्व मान लिया था। नांदेड़ के रहने वाले सक्षम मामिडवार और आंचल ताटे की इस अनोखी प्रेम कहानी की लोग मिसाल दिया करते थे, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं और आंचल उस घर से दूर जा चुकी है।
ससुराल में उत्पीड़न का आरोप और आंचल का छलका दर्द
ससुराल का घर छोड़ने के बाद आंचल ने मीडिया के सामने आकर अपना दर्द बयां किया है। उसने अपने ससुराल के ही एक सदस्य पर गंभीर रूप से प्रताड़ित करने और उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। आंचल का कहना है कि प्रेमी सक्षम के परिवार के एक सदस्य द्वारा उसके साथ कथित तौर पर लगातार अभद्र व्यवहार किया जा रहा था। जब पानी सिर से ऊपर चला गया, तब भारी मन से उसे वह घर छोड़ना पड़ा। हालांकि, आंचल ने यह साफ कर दिया है कि इस कड़वाहट के बावजूद सक्षम के प्रति उसका प्यार आज भी उतना ही पवित्र और अटूट है, जितना पहले हुआ करता था। उसका कहना है कि वह घर की परिस्थितियों के कारण अलग हुई है, अपने प्यार के कारण नहीं।
माता-पिता ने नहीं किया भरोसा, पुलिस की मदद से छोड़ा घर
आंचल ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए इस पूरे घटनाक्रम की परतें खोलीं। उसने बेहद दुखी मन से बताया, “ससुराल के एक सदस्य ने जब मेरे साथ गलत व्यवहार किया, तो मैंने तुरंत इस बात की जानकारी सक्षम के माता-पिता को दी थी। मुझे उम्मीद थी कि वे मेरा साथ देंगे, लेकिन उन्होंने मेरी बात पर जरा भी भरोसा नहीं किया।” इस पूरे मामले में अभी तक ताटे परिवार की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या सफाई सामने नहीं आई है।
आंचल ने यह भी दावा किया कि उसने यह कदम जल्दबाजी में नहीं उठाया, बल्कि उसने बाकायदा स्थानीय पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी। पुलिस की अनुमति और सुरक्षा के बीच वह उस घर से बाहर निकली, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने ही उसे सुरक्षित उसके एक रिश्तेदार के घर पहुंचाया। मालूम हो कि सक्षम की हत्या के बाद से ही खतरे को देखते हुए आंचल को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई थी।
जाति की दीवार ने ली सक्षम की जान, पिता-भाई बने कातिल
इस पूरी दास्तां की शुरुआत बेहद खौफनाक रही है। सक्षम और आंचल एक-दूसरे को पिछले तीन साल से जानते थे और दोनों के बीच गहरा प्रेम था। सक्षम असल में आंचल के भाई का दोस्त था और इसी वजह से उसका आंचल के घर पर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए। जब आंचल के भाई को इस अंतरजातीय प्रेम संबंध की भनक लगी, तो घर में कोहराम मच गया। चूंकि सक्षम दूसरी जाति से ताल्लुक रखता था, इसलिए आंचल के परिवार को यह रिश्ता कतई मंजूर नहीं था। परिवार ने आंचल को गंभीर परिणाम भुगतने की कई धमकियां दीं, लेकिन आंचल अपने प्यार पर अडिग रही। नतीजा यह हुआ कि पिछले साल 27 नवंबर को आंचल के पिता और भाइयों ने मिलकर सक्षम की बेरहमी से हत्या कर दी।
“मरकर भी जीत गया मेरा प्यार, कातिलों को मिले फांसी”
सक्षम की मौत के बाद भी आंचल ने हार नहीं मानी और उसके शव के साथ सात फेरे लेकर समाज की रूढ़ियों को चुनौती दी थी। उस वक्त आंचल ने गर्व से कहा था, “हमारा प्यार जीत गया, मरकर भी सक्षम जीत गया और मेरे रूढ़िवादी पिता-भाई हार गए।” आज ससुराल छोड़ते वक्त भी आंचल अपने फैसले पर कायम है और उसने सक्षम के कातिलों के लिए कानून से फांसी की सजा की मांग की है। इस जघन्य हत्याकांड मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस ने अब तक कुल 6 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया है, और मामले की कानूनी जांच अभी भी जारी है।
Prince Mysterious Death : रोशन आनंद सर के भाई प्रिंस की संदिग्ध हालत में मौत, खान सर कोचिंग हमले का था आरोपी