Delhi Crime : दिल्ली के हौज खास इलाके में स्कूटी सवार युवती के साथ कथित छेड़छाड़ और टक्कर मारकर फरार होने का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने पहले उसका पीछा किया और रास्ते में अश्लील टिप्पणियां कीं। इसके बाद दोनों ने उसकी स्कूटी में बाइक से टक्कर मार दी। हादसे में युवती सड़क पर गिर गई और करीब 100 से 150 मीटर तक घिसटती चली गई। मामले में हौज खास थाने में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पंचशील मेट्रो स्टेशन के पास शुरू हुआ पीछा
पुलिस के अनुसार, युवती साकेत स्थित एक कार्यालय में काम करती है। शिकायत में उसने बताया कि 11 सितंबर की रात करीब 12 बजे वह स्कूटी से अपने घर लौट रही थी। पंचशील मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार दो युवक उसके करीब आए। युवती का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ कथित तौर पर अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं और कुछ देर बाद उसका पीछा करने लगे।
पीछा छुड़ाने के लिए युवती ने बढ़ाई स्कूटी की रफ्तार
शिकायत के मुताबिक, युवती ने दोनों युवकों से पीछा छुड़ाने के लिए अपनी स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी। हालांकि, आरोप है कि बाइक सवार युवक लगातार उसके पीछे आते रहे और कुछ दूरी पर उसके बराबर पहुंच गए। युवती का कहना है कि दोनों युवक लगातार कथित अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे। इसके बाद बाइक सवारों ने उसकी स्कूटी में बाइक से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरकर घिसटती रही युवती
बाइक की टक्कर लगने के बाद युवती की स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई। युवती के अनुसार, गिरने के बाद वह करीब 100 से 150 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। सड़क पर मौजूद पत्थर, बजरी और धूल के कारण उसके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। हादसे के बाद दोनों युवक कथित तौर पर बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाने में की मदद
घटना के बाद सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने युवती को घायल हालत में देखा और उसकी मदद की। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती उपचार के बाद चोटों की गंभीरता को देखते हुए युवती को बेहतर इलाज के लिए मेदांता अस्पताल, नोएडा ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी।
इलाज के बाद कानपुर गई युवती
युवती ने अपनी चोटों को लेकर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए कानपुर जाने की भी जानकारी दी है। उपचार और चिकित्सकीय राय लेने के बाद उसने पुलिस से संपर्क कर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने पूरी घटना का विवरण देते हुए दोनों अज्ञात बाइक सवारों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
CCTV फुटेज सुरक्षित कराने की मांग
युवती ने पुलिस से घटना से जुड़े CCTV फुटेज सुरक्षित कराने की मांग की है। उसने हौज खास, हौज खास मेट्रो स्टेशन, पंचशील मेट्रो स्टेशन और आसपास की सड़कों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने को कहा है। युवती का कहना है कि घटना के दौरान आरोपियों की बाइक और उनकी गतिविधियां कैमरों में रिकॉर्ड हुई हो सकती हैं, जिससे उनकी पहचान में मदद मिल सकती है।
प्रत्यक्षदर्शियों की पहचान पर भी जोर
शिकायत में युवती ने घटना के समय आसपास मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की भी मांग की है। उसका कहना है कि मौके पर मौजूद राहगीरों ने हादसे के बाद उसकी मदद की थी और वे घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य पुलिस को बता सकते हैं। युवती ने दोनों आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस CCTV और अन्य सुरागों से कर रही जांच
दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार, मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की बहन 15 सितंबर को थाने पहुंची थीं। इसके बाद पुलिस ने उपलब्ध CCTV फुटेज की जांच की, लेकिन फुटेज के आधार पर अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस टीम अन्य सुरागों के आधार पर दोनों युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
Read More : Naxalite Mango Nureti Bari: NIA स्पेशल कोर्ट से महिला नक्सली मांगो नुरेती बरी, आरोप नहीं हुए साबित