Alleged Fake Baba : सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर कथित रूप से युवती से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, स्वयं को बाबा बताने वाले एक व्यक्ति ने पीड़िता को नौकरी और अच्छे रिश्ते का लालच देकर झाड़-फूंक करने की बात कही और फिर मौका पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

कॉलोनी में घूम-घूमकर लोगों को झांसे में ले रहा था
पुलिस के मुताबिक, 14 जून 2026 की सुबह आरोपी अमित गोस्वामी कॉलोनी में पहुंचा और खुद को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से आया बाबा बताया। वह लोगों की समस्याएं बताकर झाड़-फूंक के जरिए समाधान करने का दावा कर रहा था तथा इसके बदले पैसे और मोबाइल की मांग कर रहा था।

नौकरी और अच्छे रिश्ते का दिया लालच
शिकायत के अनुसार, आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा, जहां परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। उसने कथित रूप से कहा कि झाड़-फूंक कराने से पीड़िता की परेशानियां दूर होंगी, अच्छा रिश्ता आएगा और नौकरी भी लग जाएगी। इसके बाद उसने पीड़िता को स्नान करने के लिए कहा और अनुष्ठान के बहाने परिवार के सदस्यों को अलग-अलग कार्यों में लगा दिया।
मां को मंदिर भेजा, बहन को कमरे से बाहर रखा
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता की मां को एक मुट्ठी चावल लेकर हनुमान मंदिर जाने और 151 चावल के दाने चढ़ाने के लिए भेज दिया। वहीं, पीड़िता की बहन को कमरे से बाहर रहने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान उसने पीड़िता को अपने प्रभाव में लेकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने दबोचा
मामले की रिपोर्ट गांधीनगर थाना में दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी अमित गोस्वामी की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार गोस्वामी (29 वर्ष) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के घुरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा का निवासी बताया गया है।
पुलिस की अपील: ढोंगी बाबाओं से रहें सतर्क
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या चमत्कार के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति इस प्रकार लोगों को भ्रमित करता हुआ दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।












