Rail Boost : सरगुजा संभाग की बहुप्रतीक्षित अंबिकापुर–गढ़वा रोड रेल परियोजना को लेकर बड़ी प्रशासनिक प्रगति हुई है। केंद्र सरकार के रेल मंत्रालय (दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे) ने 25 मई 2026 को जारी अधिसूचना के माध्यम से अंबिकापुर–गढ़वा रोड सिंगल रेल लाइन, रामानुजगंज–बरवाडीह स्पर सहित 261.838 किलोमीटर लंबी परियोजना को रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 2(37ए) के तहत “विशेष परियोजना” (Special Project) घोषित कर दिया है। यह अधिसूचना 26 मई 2026 को भारत के राजपत्र (Gazette of India) में प्रकाशित होने के साथ प्रभावी हो गई।

जारी अधिसूचना के अनुसार, यह परियोजना छत्तीसगढ़ और झारखंड राज्यों में सार्वजनिक उद्देश्य के लिए राष्ट्रीय अवसंरचना उपलब्ध कराने के मकसद से अधिसूचित की गई है। इस रेल लाइन के अंतर्गत अंबिकापुर से गढ़वा रोड तक सिंगल लाइन का निर्माण किया जाएगा, जबकि रामानुजगंज से बरवाडीह तक स्पर लाइन भी विकसित की जाएगी।


विशेष परियोजना का दर्जा मिलने से भूमि अधिग्रहण, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और विभिन्न विभागीय अनुमतियों में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। लंबे समय से इस रेल संपर्क की मांग की जा रही थी, क्योंकि इसके पूरा होने से सरगुजा संभाग, उत्तर छत्तीसगढ़ और झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेल परियोजना से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ व्यापार, उद्योग, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नया आधार मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से खनिज, कृषि और वन उत्पादों के परिवहन में यह रेल मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। क्षेत्र के लोगों को अब उम्मीद है कि विशेष परियोजना घोषित होने के बाद इस महत्वाकांक्षी रेल लाइन के निर्माण कार्य में तेजी आएगी और वर्षों पुराना रेल संपर्क का सपना साकार हो सकेगा।













