Surajpur News : सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद के लिए पहुंची डायल 112 की टीम पर हमला करने के मामले में प्रतापपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद जब डायल 112 की टीम दोबारा घटनास्थल पर लौटी तो आरोपियों ने वाहन रोककर आरक्षक और चालक के साथ मारपीट की तथा शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। वहीं, इसी घटनाक्रम से जुड़े ट्रक आगजनी मामले में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थी डायल 112
डायल 112 में तैनात आरक्षक निशांत टोप्पो ने थाना प्रतापपुर में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 19 जून 2026 की रात लगभग 11 बजे रायपुर पीएफटी कॉल सेंटर से सूचना मिली कि ग्राम खजुरी-सेमरसोत मुख्य मार्ग पर सड़क हादसा हुआ है, जिसमें चार लोग घायल हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि चारों लोग मोटरसाइकिल से सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे टकरा गए थे। टीम ने तत्काल दो घायलों को प्रतापपुर अस्पताल पहुंचाया और फिर शेष दो घायलों को लेने वापस घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

दूसरी बार लौटने पर किया हमला
आरक्षक के अनुसार, जब डायल 112 की टीम दोबारा ग्राम खजुरी रामपुर मुख्य मार्ग पर पहुंची तो वहां मौजूद आठ लोगों ने वाहन रोक लिया और “जल्दी क्यों नहीं आए” कहकर हंगामा करने लगे। पुलिसकर्मियों द्वारा यह बताने पर कि वे पहले ही दो घायलों को अस्पताल पहुंचाकर लौटे हैं, आरोपियों ने कथित रूप से एकजुट होकर आरक्षक और चालक के साथ मारपीट की तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इस मामले में थाना प्रतापपुर में अपराध क्रमांक 180/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रतापपुर पुलिस ने दबिश देकर निम्नलिखित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में मुकेश पैंकरा, पिता मोहरलाल, 23 वर्ष, प्रकाश पैंकरा उर्फ जीरा, पिता महेन्द्र, 19 वर्ष, करमसाय पैंकरा, पिता गणेश, 21 वर्ष, नरेश पैंकरा, पिता धरमकुमार, 27 वर्ष, शिवसागर पैंकरा, पिता प्रेमसाय, 30 वर्ष, अभय पैंकरा, पिता संतोष, 20 वर्ष, पारसनाथ पैंकरा, पिता प्रेमसाय, 32 वर्ष और रामकेवल पैंकरा, पिता रामबली, 26 वर्ष सभी निवासी ग्राम बैकोना, थाना प्रतापपुर के हैं।
ट्रक आगजनी मामले में भी दो गिरफ्तार
इसी दौरान थाना प्रतापपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 181/2026, धारा 324(5) बीएनएस के तहत ट्रक में आगजनी के मामले में भी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश उर्फ सीजय पैंकरा, पिता मोहरलाल पैंकरा, 23 वर्ष व दीपेश पैंकरा, पिता देवधारी, 25 वर्ष शामिल हैं।दोनों के विरुद्ध ट्रक में आग लगाने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियान में पीएसआई सम्पत कुमार एवं विकास गजेन्द्र, एएसआई विरेन्द्र यादव, राजेश यादव, बजरंगी लाल चौहान, प्रधान आरक्षक योगेन्द्र भगत, रविशंकर चौबे, अलबिनुस तिर्की, विनोद परीड़ा तथा आरक्षक भीमेश आर्मो, राजकुमार पासवान, राजेश तिवारी, प्रकाश साहू, अपील चौधरी और निरंजन एक्का ने सक्रिय भूमिका निभाई।











