Ambikapur News : सरगुजा जिले में लंबे समय से कार्यालयों, छात्रावासों और विभिन्न संस्थानों में संलग्न रहकर कार्य कर रहे शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आखिरकार उनके मूल पदस्थापना स्थल पर वापस भेजने का आदेश जारी कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी, अंबिकापुर ने बुधवार देर शाम आदेश जारी करते हुए 55 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संलग्नता तत्काल प्रभाव से समाप्त कर उन्हें मूल विद्यालय एवं कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई को शिक्षा विभाग में वर्षों से जमे कर्मचारियों पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है।

देखें सूची 👇




जारी आदेश के अनुसार यह कार्रवाई स्कूल शिक्षा मंत्री के निर्देशों तथा लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर के पत्र के अनुपालन में की गई है। शासन ने स्पष्ट किया है कि सभी शिक्षक एवं कर्मचारी अपने मूल पदस्थापना स्थल पर उपस्थित रहें, क्योंकि अब विद्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति VSK App के माध्यम से अनिवार्य रूप से दर्ज की जा रही है।
आदेश में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, प्रयास आवासीय विद्यालय, एकलव्य विद्यालय, विभिन्न छात्रावासों, आश्रम शालाओं तथा अन्य संस्थानों में वर्षों से संलग्न अधिकारियों एवं शिक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त कर उनके मूल विद्यालयों में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। सूची में प्राचार्य, व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक और प्रधान पाठक सहित कुल 55 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
शिक्षा विभाग के इस फैसले को लंबे समय से चल रही संलग्नता व्यवस्था पर बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार शासन का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षकों की वास्तविक उपलब्धता सुनिश्चित करना और शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाना है। अब मूल विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित होने से पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायतों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।











