Crypto Investment : सरगुजा पुलिस ने ऑनलाइन क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने Bitget Wallet (LGNS) नामक क्रिप्टो प्लेटफॉर्म में निवेश पर एक साल में 10 हजार रुपये को एक लाख रुपये बनाने का लालच देकर लोगों को फंसाया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, प्रोजेक्टर, मोबाइल, स्पीकर, डायरी सहित अन्य सामान जब्त किया है। मामले में कुछ अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, दरिमा थाना क्षेत्र के इंदरपुर निवासी विद्याचरण राव ने मणीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसके गांव के त्रिपाल टोप्पो ने उसे ऑनलाइन शेयर मार्केट में अधिक लाभ का झांसा देकर उदयपुर निवासी राजकुमार पैकरा से मिलवाया। राजकुमार ने उसे Bitget Wallet (LGNS) नामक क्रिप्टो वॉलेट ऐप में निवेश करने की सलाह दी और बताया कि इसमें पैसा लगाने पर भारी मुनाफा मिलेगा।

19 जुलाई को अंबिकापुर स्थित होटल फिल आनंदम में आयोजित एक सेमिनार में प्रार्थी को बुलाया गया, जहां लैपटॉप और प्रोजेक्टर के माध्यम से 10-12 लोगों को क्रिप्टो निवेश की ट्रेनिंग दी जा रही थी। सेमिनार में दावा किया गया कि 12 लेवल पूरे करने पर बिना मेहनत के लगातार आय होती रहेगी। इसी दौरान प्रार्थी से 10 हजार रुपये नगद लेकर एक वर्ष में एक लाख रुपये बनने का भरोसा दिलाया गया।
शिकायत के आधार पर थाना मणीपुर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने कांता प्रसाद राजवाड़े, राजकुमार पैकरा, जीवन साय टोप्पो, फिरोज लकड़ा और मुकेश कुमार गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्हें बिलासपुर निवासी त्रिभुवन साहू और रमाशंकर साहू ने क्रिप्टो निवेश से जुड़े सेमिनारों के माध्यम से प्रशिक्षित किया था। वे लोगों को ऐप डाउनलोड करवाकर निवेश कराते थे और नए निवेशकों को जोड़ने का काम करते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी होटलों में सेमिनार आयोजित कर लोगों को बड़े मुनाफे का सपना दिखाते थे। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि इस नेटवर्क का प्रचार-प्रसार छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी किया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लैपटॉप, लैपटॉप बैग, चार्जर, प्रोजेक्टर, स्पीकर, मोबाइल फोन, तीन डायरी, एक नोटबुक और गेम चेंजर एकेडमी लिखी टी-शर्ट जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक मुनाफे के लालच में किसी भी अनजान ऐप, क्रिप्टो योजना या निवेश स्कीम में पैसा न लगाएं। किसी भी निवेश से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच करें, अन्यथा साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।












