Ambikapur News : परीक्षा पेपर लीक और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने संयुक्त रूप से अंबिकापुर के घड़ी चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। भारी बारिश के बीच हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में नीट सहित 152 परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। नेताओं ने यह भी दावा किया कि नीट परीक्षा विवाद के बाद कई छात्रों ने आत्महत्या जैसे कदम उठाए, लेकिन सरकार ने मामले की गंभीरता को नजरअंदाज किया।

मीडिया से चर्चा करते हुए जिला कांग्रेस के महामंत्री तथा युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के प्रभारी आलोक सिंह ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर संसद की ओर बढ़ रहे छात्रों पर लाठीचार्ज कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। आलोक सिंह ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ-साथ गृह मंत्री अमित शाह से भी इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, इंदरजीत सिंह धंजल, संजीव मंदिलवार, मैदान जायसवाल, अशफाक अली, संजय सिंह, जीवन यादव, आलोक सिंह, अमित कुमार सिंह रिंकू, सोहन जायसवाल, अविनाश कुमार, शुभम जायसवाल, प्रतिपाल सिंह लक्की, मोंटी, तीरथ चौधरी, परवेज आलम गांधी, लखन मरावी, अतुल यादव, आलेख ठाकुर, अनमोल, राधे अग्रवाल, अंकित जायसवाल, राहुल सोनी, अभिषेक सोनी, लोलर सिंह, आयुष, प्रिंस कुजूर, प्रियंका, प्रतिमा, प्रिया दास, टोनी, विकास दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।











