Ambikapur News : मानव सेवा और जनजागरूकता के क्षेत्र में सरगुजा को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा गठित 15 सदस्यीय राज्य स्तरीय ऑर्गन डोनेशन समिति में सरगुजा जिले के चार प्रतिनिधियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। खास बात यह है कि इनमें तीन महिला प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, जो जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।



भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा सरगुजा के अनुसार राज्य स्तरीय समिति में आकांक्षा श्रीवास्तव को वाइस चेयरमैन बनाया गया है, जबकि अंजुला गौतम मिश्रा, संध्या सिंह और आर्यन सिन्हा को राज्य स्तरीय सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। जिला शाखा ने इसे वर्षों से चलाए जा रहे “रक्तदान महादान–अंगदान जीवनदान” जनजागरूकता अभियान और स्वयंसेवकों की सतत सेवा का परिणाम बताया है।
जिला शाखा के चेयरमैन अदितेश्वर शरण सिंह देव के नेतृत्व में रेड क्रॉस लगातार रक्तदान के साथ-साथ नेत्रदान, अंगदान और देहदान के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान चला रही है। इसी दिशा में रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ऑर्गन डोनेशन समिति की पहली बैठक में सरगुजा के प्रतिनिधियों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे, जिन पर विस्तृत चर्चा के बाद समिति ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए।
बैठक के बाद भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल एवं राज्य शाखा के अध्यक्ष रमेन डेका से शिष्टाचार मुलाकात की और मांग-पत्र सौंपा। इसमें अंगदान एवं देहदान करने वाले व्यक्तियों को मरणोपरांत “गार्ड ऑफ ऑनर” देने, विश्व अंगदान दिवस (13 अगस्त) पर अंगदान करने वालों के परिजनों, ट्रांसप्लांट संस्थानों के निदेशकों, चिकित्सकों और ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर्स को राज्य स्तरीय सम्मान देने सहित कई सुझाव शामिल थे।
राज्यपाल ने समिति की पहल की सराहना करते हुए प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया और विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर समाज में अंगदान, नेत्रदान और देहदान के प्रति व्यापक जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर चेयरमैन अदितेश्वर शरण सिंह देव ने कहा कि यह सम्मान केवल चार सदस्यों का नहीं, बल्कि सरगुजा के पूरे रेड क्रॉस परिवार, स्वयंसेवकों, रक्तदाताओं और समाजसेवियों की वर्षों की सेवा और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य स्तरीय समिति छत्तीसगढ़ में अंगदान, नेत्रदान और देहदान के क्षेत्र में नई जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेगी।











