सरगुजा के धौरपुर में दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया। माता-पिता की हत्या के आरोपी बेटे जदू यादव को गिरफ्तार कर टांगी और कपड़े जब्त किए।
सरगुजा के धौरपुर में दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया। माता-पिता की हत्या के आरोपी बेटे जदू यादव को गिरफ्तार कर टांगी और कपड़े जब्त किए।

Surguja News : सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा में सामने आए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पारिवारिक विवाद के बाद 36 वर्षीय जदू यादव ने कथित तौर पर अपने माता-पिता हीराधर यादव और गुलाबी यादव की टांगी से गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने दोनों शवों को प्लास्टिक के बोरे में भरकर रस्सी से बांध दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने लगातार तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को ग्राम सपड़ा में हीराधर यादव और उनकी पत्नी गुलाबी यादव के शव घर के एक कमरे में प्लास्टिक बोरे में रस्सी से बंधे मिले थे। सूचना मिलते ही पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सीतापुर, जिला सीन ऑफ क्राइम यूनिट और धौरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल पर खून के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। वहीं मृतकों का बड़ा बेटा जदू यादव मौके से फरार था, जिससे पुलिस का संदेह उस पर गहराया।

मृतकों के पुत्र मोहन यादव की रिपोर्ट पर थाना धौरपुर में अपराध क्रमांक 52/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी एवं एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की लगातार तलाश की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर जदू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने पारिवारिक विवाद के बाद अपने माता-पिता पर टांगी से हमला कर उनकी हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों शवों को प्लास्टिक बोरे में रस्सी से बांधकर कमरे में रखने की बात भी सामने आई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए।

आरोपी जदू यादव, पिता हीराधर यादव, 36 वर्ष, निवासी सपड़ा परसापारा, थाना धौरपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पूरी कार्रवाई में धौरपुर थाना से सहायक उप निरीक्षक राम धनी राम, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, प्रधान आरक्षक बलबीर मिंज, महिला आरक्षक ज्योति पैकरा, आरक्षक पंकज देवांगन, अशोक यादव, हरी किशुन, देव सिंह, बसंत, अभिषेक और सुशील मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
