Ambikapur Chhath Puja 2026 : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में रविवार को लोक आस्था के महापर्व छठ की भव्य छटा देखने को मिली। सूर्य उपासना के इस पावन पर्व पर हजारों श्रद्धालु नदी, तालाब और विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। पारंपरिक छठ गीतों, दीपों की रोशनी और पूजा-अर्चना से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया।


छठ गीत गाते हुए घाटों तक पहुंचीं व्रती महिलाएं
रविवार दोपहर लगभग 3 बजे से ही अंबिकापुर की सड़कों और गलियों में श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई देने लगी थी। महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए सिर पर पूजा सामग्री लेकर घाटों की ओर रवाना हुईं। वहीं पुरुष सिर पर प्रसाद से सजे सूप और दउरा लेकर नंगे पैर पूजा स्थल पहुंचे। कई श्रद्धालुओं ने घर से घाट तक दंडवत देते हुए अपनी धार्मिक आस्था प्रकट की। कांचे ही बांस के बहंगिया सहित पारंपरिक गीतों की गूंज से वातावरण छठमय हो गया।


डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली
घाटों पर पहुंचने के बाद व्रती महिलाओं ने नदी और तालाबों में स्नान किया। इसके बाद जल में खड़े होकर प्रसाद से सजे सूप के माध्यम से डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी लोटे में जल और दूध लेकर अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा निभाई। सूर्यास्त तक विभिन्न घाटों पर पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा।


शंकर घाट पर महामाया सेवा समिति ने किए विशेष इंतजाम
अंबिकापुर के प्रमुख शंकर घाट पर महामाया छठ पूजा सेवा समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। घाट पर टेंट, पंडाल और पूजा से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए समिति के सदस्य सक्रिय रहे।

घुनघुट्टा घाट पर पहली बार डिजिटल टोकन व्यवस्था
शहर के समीप स्थित घुनघुट्टा नदी तट पर श्याम घुनघुट्टा छठ सेवा समिति ने विशेष तैयारियां की थीं। यहां पहली बार छठ व्रतियों के लिए डिजिटल टोकन व्यवस्था शुरू की गई। इससे श्रद्धालुओं को निर्धारित स्थान पर पूजा करने की सुविधा मिली। आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे। नदी में स्वच्छ जल और पर्याप्त स्थान होने से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिली।

गंगा आरती ने बढ़ाई छठ महापर्व की रौनक
घुनघुट्टा नदी तट पर आयोजित गंगा आरती श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। आरती के दौरान भक्तिमय वातावरण ने आयोजन की सुंदरता बढ़ा दी। इसके अलावा मौलवी बांध, मरीन ड्राइव तालाब, सतीपारा तालाब, जेल तालाब, खैरबार नहरपारा और गोधनपुर तालाब सहित शहर के कई जलाशयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

हर साल बढ़ रही छठ व्रतियों की संख्या
अंबिकापुर में छठ पूजा करने वाले परिवारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए अब शहर के लगभग सभी मोहल्लों में स्थानीय स्तर पर छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं। प्रमुख घाटों के साथ छोटे तालाबों और जलाशयों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा की। धार्मिक मान्यता के अनुसार छठी मइया और सूर्यदेव की उपासना से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
सुरक्षा और यातायात के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद
छठ घाटों पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए थे। शंकर घाट के आसपास वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की गई। काली मंदिर के पास दोपहिया वाहनों की पार्किंग बनाई गई, जबकि संजय पार्क बैरियर से तकिया मोड़ तक चारपहिया वाहनों को आगे जाने से रोका गया। पुलिस जवानों की तैनाती और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर महापर्व की परंपरा निभाई।

