Ambikapur Mayor Warning: अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों को लेकर महापौर मंजूषा भगत ने ठेकेदारों और निगम अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त चेतावनी दी है। बुधवार को प्रस्तावित सड़क, नाली और भवन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करने के बाद महापौर ने दो टूक शब्दों में कहा कि निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

राजनीतिक पहचान मायने नहीं रखेगी
महापौर मंजूषा भगत ने ठेकेदारों को सतर्क करते हुए कहा कि ठेकेदार किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसकी पार्टी की पहचान निर्माण कार्य की गुणवत्ता को प्रभावित नहीं कर सकती। उन्होंने कहा, “चाहे ठेकेदार किसी भी पार्टी से हो— भाजपाई हो या कांग्रेसी या किसी अन्य दल का— यदि घटिया निर्माण पाया गया तो उसे तोड़कर दोबारा काम कराया जाएगा।”

उनका यह बयान नगर निगम क्षेत्र में निर्माण कार्यों में होने वाली संभावित लापरवाही और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक कड़ा संदेश माना जा रहा है। महापौर ने यह भी कहा कि बरसात के दौरान खराब सड़कों के कारण जनता को जो परेशानी हुई, उसके लिए वह जनता से माफी मांगती हैं।
करोड़ों के निर्माण कार्य प्रस्तावित
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न जोनों में करोड़ों रुपये की लागत से सड़क निर्माण, नाली निर्माण और भवन निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। महापौर मंजूषा भगत इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को लेकर अत्यधिक सतर्कता बरत रही हैं, इसलिए उन्होंने भूमिपूजन के तुरंत बाद ही ठेकेदारों को ईमानदारी और पारदर्शिता बरतने की सीधी सलाह दी है।
अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सख्त निर्देश
ठेकेदारों के साथ-साथ महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रस्तावित निर्माण कार्यों में लापरवाही बरती गई या घटिया सामग्री का उपयोग करते पाया गया, तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह स्पष्ट संदेश है कि महापौर गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर किसी भी स्तर पर ढील देने को तैयार नहीं हैं।
महापौर ने भरोसा दिलाया कि इस बार निर्माण की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम के सभी जोनों में प्रस्तावित निर्माण कार्यों के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और जल्द ही कई सड़कों के निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे, ताकि जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें।
Read More: Sukma Maoist Surrender: बस्तर में फिर दिखी बदलाव की तस्वीर, 27 नक्सलियों का आत्मसमर्पण











