Ambikapur News : सरगुजा जिले में राजस्व अभिलेखों में कथित हेराफेरी कर सरकारी पट्टे की जमीन को निजी व्यक्ति के नाम दर्ज कराने और फिर उसका विक्रय करने का मामला सामने आया है। जांच में ग्राम दरिमा की 2.202 हेक्टेयर भूमि के लिए नया खसरा नंबर सृजित कर बिना सक्षम अधिकारी के आदेश के निजी व्यक्ति के नाम प्रविष्टि किए जाने का खुलासा हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर सरगुजा ने क्रेता आजाद इराकी, विक्रेता बलीराम, रामाशंकर सिंह और तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध कुमार पैकरा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विवादित जमीन की रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने और अवैध राजस्व प्रविष्टि विलोपित करने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
1968-69 में शासकीय पट्टेदार को मिली थी जमीन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला तहसील दरिमा के ग्राम दरिमा स्थित खसरा नंबर 1322 से जुड़ा है। सिंहदेव योजना के अंतर्गत वर्ष 1968-69 में चंदर पिता बजरंग पनिका को इस खसरा नंबर की कुल 2.76 एकड़ (1.117 हेक्टेयर) भूमि का शासकीय पट्टा प्रदान किया गया था। वर्ष 2016-17 के खसरा पांचशाला अभिलेख में भी इस भूमि का रकबा 1.117 हेक्टेयर दर्ज था।

बिना सक्षम आदेश के बना दिया नया खसरा नंबर
तहसीलदार दरिमा की जांच में सामने आया कि कंप्यूटरीकृत खसरा पांचशाला में मूल खसरा नंबर 1322 को बटांकित कर खसरा नंबर 1322/1 रकबा 1.117 हेक्टेयर और खसरा नंबर 1322/2 रकबा 2.202 हेक्टेयर दर्ज कर दिया गया। इसमें खसरा नंबर 1322/2 की प्रविष्टि बलीराम पिता रामप्रसाद के नाम पर की गई।

सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि इस नई प्रविष्टि के संबंध में किसी सक्षम अधिकारी का आदेश या अनुमोदन राजस्व अभिलेखों में दर्ज नहीं है। वहीं, कैफियत कॉलम नंबर 12 में हस्तलिखित रूप से ‘लुप्त खसरा होने से’ उल्लेख किया गया है। जांच के अनुसार, मूल खसरा नंबर 1322 के रकबे में कोई कमी किए बिना अलग से 2.202 हेक्टेयर भूमि का नया खसरा नंबर तैयार कर दिया गया।
पहले ऑनलाइन नामांतरण, फिर 2023 में कर दी रजिस्ट्री
जांच प्रतिवेदन के मुताबिक, 18 जुलाई 2023 को तत्कालीन पटवारी द्वारा ऑनलाइन राजस्व दस्तावेजों में भूमि के नामांतरण से संबंधित प्रविष्टि की गई। इसके बाद 11 सितंबर 2023 को पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से खसरा नंबर 1322/2 की 2.202 हेक्टेयर भूमि आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी और रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह को बेच दी गई।

इस तरह कथित रूप से विवादित राजस्व प्रविष्टि के आधार पर भूमि का विक्रय किए जाने का मामला सामने आया है।
आजाद इराकी समेत चार लोगों पर FIR के निर्देश
तहसीलदार के जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर सरगुजा ने चार व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इनमें बलीराम पिता रामप्रसाद निवासी ग्राम खजुरी, तहसील दरिमा, आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी निवासी जयनगर, तहसील लटोरी, रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह निवासी विश्रामपुर और ग्राम दरिमा के तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध कुमार पैकरा शामिल हैं।
कलेक्टर ने तहसीलदार दरिमा को प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद तत्काल पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
रजिस्ट्री निरस्त कराने सिविल वाद होगा दायर
प्रकरण में केवल एफआईआर दर्ज कराने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी गई है। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को विवादित भूमि की रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही राजस्व अभिलेखों में की गई कथित अवैध प्रविष्टि को विलोपित करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से राजस्व अभिलेखों में कथित कूटरचना कर जमीन का नया खसरा नंबर तैयार करने और उसके आधार पर भूमि का विक्रय करने के मामले में संबंधित लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

