Ambikapur News : खेती को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए अब पारंपरिक फसलों के साथ तिलहन फसलों की खेती पर भी जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में सरगुजा जिले में रामतिल की उन्नत खेती को प्रोत्साहित करने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र ने पहल की है। विकासखंड लखनपुर के ग्राम लोसंगा में आयोजित प्रक्षेत्र दिवस कार्यक्रम में किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से रामतिल की खेती करने, बेहतर उत्पादन प्राप्त करने और अतिरिक्त आय के अवसरों के बारे में जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय खाद्य तिलहन मिशन के तहत 50 हेक्टेयर में प्रदर्शन
राष्ट्रीय खाद्य तिलहन मिशन के अंतर्गत सरगुजा जिले में 50 हेक्टेयर क्षेत्र में रामतिल का समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम लोसंगा में लगभग 45 एकड़ क्षेत्र में रामतिल की खेती का प्रदर्शन किया गया है। इसका उद्देश्य किसानों को तिलहन फसलों की उन्नत खेती से जोड़ना और उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल एवं निदेशक विस्तार डॉ. एस.एस. टुटेजा के निर्देशानुसार कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बीजोपचार से लेकर खरपतवार नियंत्रण तक दी जानकारी
कार्यक्रम में डॉ. संदीप शर्मा ने रामतिल के खाद्यान्न के रूप में उपयोग और इसके औद्योगिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को रामतिल की उन्नत किस्मों का चयन, बीजोपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और खरपतवार नियंत्रण की वैज्ञानिक विधियों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि खेती में वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर किसान तिलहन फसलों का उत्पादन बढ़ा सकते हैं। इससे खेती की लागत और संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि की संभावना है।

कीट एवं रोग नियंत्रण के साथ मधुमक्खी पालन पर जोर
कार्यक्रम में वैज्ञानिक डॉ. एस.पी. गुप्ता ने रामतिल की फसल में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों की पहचान और उनके प्रभावी नियंत्रण की जानकारी दी। उन्होंने फसल की नियमित देखरेख और उचित प्रबंधन के महत्व को भी समझाया।
इसके साथ ही उन्होंने किसानों को खेती के साथ अतिरिक्त आमदनी का जरिया विकसित करने के लिए मधुमक्खी पालन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कृषि आधारित गतिविधियों के साथ मधुमक्खी पालन को जोड़कर किसान अपनी आय के नए अवसर तलाश सकते हैं।
प्रदर्शन प्रक्षेत्र का भ्रमण कर फसल का किया अवलोकन
प्रक्षेत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को रामतिल के प्रदर्शन प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया। इस दौरान खेतों में लगी फसल का प्रत्यक्ष अवलोकन कराते हुए उत्पादन तकनीक, फसल प्रबंधन और बेहतर उपज प्राप्त करने के तरीकों पर चर्चा की गई।
किसानों ने भी रामतिल की खेती से जुड़ी अपनी जिज्ञासाएं और समस्याएं वैज्ञानिकों के सामने रखीं। कृषि वैज्ञानिकों ने उनकी समस्याओं का समाधान बताते हुए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया।
तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाना कार्यक्रम का उद्देश्य
कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित इस प्रक्षेत्र दिवस का मुख्य उद्देश्य जिले में तिलहन फसलों का क्षेत्र विस्तार करना, उन्नत उत्पादन तकनीकों को किसानों तक पहुंचाना और उन्हें लाभकारी खेती के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. विवेक कुमार सांडिल्य, डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार सहित ग्राम लोसंगा के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

