अंबिकापुर में नए जिला न्यायालय भवन का भूमि पूजन संपन्न
अंबिकापुर में नए जिला न्यायालय भवन का भूमि पूजन संपन्न

Ambikapur News : सरगुजा जिला में न्यायिक अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। अंबिकापुर में प्रस्तावित नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के निर्माण के लिए मंगलवार को वर्चुअल भूमि पूजन एवं शिलान्यास स्थापना समारोह न्यायालय परिसर अंबिकापुर में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मान. मुख्य न्यायमूर्ति जस्टिस रमेश सिन्हा ने वर्चुअल माध्यम से नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर छ.ग. उच्च न्यायालय के मान. न्यायमूर्ति एवं सरगुजा जिले के पोर्टफोलियो जज जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू तथा मान. न्यायमूर्ति एवं सूरजपुर जिले के पोर्टफोलियो जज जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल की गरिमामयी वर्चुअल उपस्थिति रही। इस अवसर पर मान. मुख्य न्यायमूर्ति जस्टिस रमेश सिन्हा ने कहा कि ’’न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी नये न्यायालय भवन को अपने घर की तरह समझे और साथ-सुथरा रखें तथा न्यायालय के मूल उद्देश्य, अर्थात् आम जन को त्वरित एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध करावें। उन्होनें कहा कि वे जब पहली बार अंबिकापुर आये थे, तब ही जिला न्यायालय भवन देखकर उन्होनें नवीन भवन निर्माण कराने का संकल्प लिया था।


मान. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत द्वारा मान. मुख्य न्यायमूर्ति जस्टिस रमेश सिन्हा के प्रति आभार व्यक्त किया गया जिनके विशेष प्रयास एवं रूचि लेने के कारण ही जिला सरगुजा में नवीन जिला न्यायालय भवन के निर्माण का कार्य प्रशस्त हुआ। समारोह के दौरान मान. मुख्य न्यायमूर्ति जस्टिस रमेश सिन्हा द्वारा नवीन न्यायालय भवन के शिलालेख का वर्चुअल अनावरण किया गया तथा वर्चुअल शिलान्यास के पश्चात् विधि विधान से भूमि पूजन संपन्न हुआ।
समारोह में पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला न्यायालय के न्यायिक अधिकारीगण अधिवक्तागण एवं न्यायिक कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
मान. मुख्य न्यायमूर्ति जस्टिस रमेश सिन्हा ने अपने संपूर्ण कार्यकाल में छत्तीसगढ़ न्यायपालिका की अधोसंरचना में सुधार के विशेष प्रयास किये हैं। नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के निर्माण से सरगुजा के अधिवक्तागण की चिरप्रतीक्षित मांग पूर्ण होगी तथा पक्षकारों को सुविधा होगी, जिसके लिए सरगुजा क्षेत्र की जनता उनकी सदैव आभारी रहेगी।



© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.