Ambikapur News : छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में पशुपालन विभाग से जुड़ा वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि हाईकोर्ट के आदेश के विपरीत एक सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को तृतीय श्रेणी के वेतनमान के आधार पर लंबित देयकों का भुगतान कर दिया गया। इस प्रक्रिया में शासन को करीब 16.87 लाख रुपये की आर्थिक चपत लगने की बात कही जा रही है। संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा के निर्देश पर हुई जांच में वेतन निर्धारण की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, अब तक जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है।
फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों से मिली थी पदोन्नति
पूरा मामला उप संचालक पशुपालन विभाग अंबिकापुर से संबंधित है। विभाग में कार्यरत एक सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी जनवरी 2025 में सेवानिवृत्त हुए थे। उन्हें शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर वैक्सीनेटर यानी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी यानी तृतीय श्रेणी के पद पर पदोन्नत किया गया था। बाद में जांच में उनके शैक्षणिक दस्तावेज फर्जी पाए गए। इसके बाद उन्हें पदावनत कर दोबारा वैक्सीनेटर के पद पर भेज दिया गया।

हाईकोर्ट ने वैक्सीनेटर मानकर भुगतान का दिया था आदेश
पदोन्नति और सेवा संबंधी विवाद को लेकर कर्मचारी ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। हाईकोर्ट ने एक जनवरी 1999 से 14 मई 2007 तक की अवधि को वैक्सीनेटर के रूप में सेवा मानते हुए लंबित देयकों का भुगतान करने का निर्देश दिया था। आरोप है कि विभाग ने इस आदेश की भावना के विपरीत तृतीय श्रेणी के वेतनमान के आधार पर भुगतान कर दिया।

16.87 लाख रुपये के अतिरिक्त भुगतान का आरोप
शिकायत के मुताबिक, चतुर्थ और तृतीय श्रेणी के वेतनमान में अंतर होने के कारण शासन पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ा। करीब 16.87 लाख रुपये का भुगतान इसी वेतन निर्धारण के आधार पर किए जाने का आरोप है। इसके अलावा पदावनति के बाद तृतीय श्रेणी के वेतनमान से पहले किए गए अतिरिक्त भुगतान की वसूली भी नहीं की गई। इस पर भी विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
अंतिम वेतन 36,200 से बढ़ाकर 53,300 रुपये किया
मामले में पेंशन निर्धारण को लेकर भी विवाद सामने आया है। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में संयुक्त संचालक कोष, लेखा एवं पेंशन ने कर्मचारी का अंतिम वेतन 36,200 रुपये निर्धारित किया था। इसके आधार पर पेंशन 18,100 रुपये तय की गई थी। लेकिन आरोप है कि उप संचालक पशुपालन कार्यालय ने दोबारा वेतन निर्धारण कर अंतिम वेतन 53,300 रुपये कर दिया। इसी आधार पर अतिरिक्त भुगतान किया गया।

अंतिम भुगतान से पहले संचालक की अनुमति नहीं लेने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि फरवरी 2026 में अंतिम भुगतान करने से पहले संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई। पूर्व में निर्धारित वेतनमान में संशोधन और अतिरिक्त भुगतान की वसूली की प्रक्रिया भी नहीं अपनाई गई। इसके बाद मामले की शिकायत संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा से की गई, जिन्होंने जांच के निर्देश दिए।
जांच रिपोर्ट में वेतन निर्धारण आदेश पर सवाल
संभागीय संयुक्त संचालक कोष, लेखा एवं पेंशन ने जांच कर अपनी रिपोर्ट संभागायुक्त को सौंप दी है। रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारी को 14 अक्टूबर 2018 को निर्धारित अर्हता पूरी करने के बाद वैक्सीनेटर से सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी के पद पर पदोन्नत किया गया था। ऐसे में 28 जून 1996 से पदोन्नति मानकर दोबारा संशोधित वेतन निर्धारण करने का आधार स्पष्ट नहीं मिला। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि इसके लिए शासन या विभाग की ओर से कोई अलग आदेश जारी नहीं हुआ था। जांच अधिकारी ने वेतन संशोधन आदेश को भ्रामक बताया है।
सेवा पुस्तिका में दोबारा दर्ज की गई गणना
जांच प्रतिवेदन में बताया गया कि वेतनमान, समयमान, पदोन्नति वेतन, वेतन वृद्धि और अवकाश वेतन स्वीकृत करने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग के सक्षम अधिकारी की होती है। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं अंबिकापुर को तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के वेतन नियमन के लिए सक्षम अधिकारी बताया गया है। दोबारा जारी आदेश के आधार पर सेवा पुस्तिका में गणना दर्ज कर सत्यापन के लिए कोष, लेखा एवं पेंशन कार्यालय भेजी गई थी। जांच में यह भी उल्लेख है कि संबंधित कार्यालय ने आवश्यक सहयोग नहीं दिया।
जांच में सवाल उठे, अब कार्रवाई का इंतजार
जांच रिपोर्ट में वेतन निर्धारण की प्रक्रिया पर गंभीर आपत्तियां सामने आने के बाद अब जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है। सवाल है कि हाईकोर्ट के आदेश से अलग वेतनमान के आधार पर भुगतान क्यों किया गया और पहले से निर्धारित अंतिम वेतन में बदलाव किस अधिकार से हुआ? फिलहाल संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई और शासन को हुई कथित आर्थिक क्षति की वसूली का इंतजार है।

