Chahal T-shirt Controversy : शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल से जुड़े एक पुराने विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने चहल की उस टी-शर्ट पर सवाल उठाए, जिसे उन्होंने तलाक की आखिरी सुनवाई के दौरान पहना था। टी-शर्ट पर अंग्रेजी में ‘Be Your Own Sugar Daddy’ लिखा हुआ था। चतुर्वेदी के मुताबिक, इस संदेश के जरिए तलाक ले रही महिला की छवि को गलत तरीके से पेश करने की कोशिश हुई।
राजनीति में आने के बाद बढ़ गई हैं चहल की जिम्मेदारियां
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि जब तक युजवेंद्र चहल केवल क्रिकेटर थे, तब तक उन्होंने इस मामले पर ज्यादा टिप्पणी नहीं की। हालांकि, अब चहल के राजनीति से जुड़ने के बाद उनकी सार्वजनिक जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं। चतुर्वेदी का मानना है कि किसी सार्वजनिक व्यक्ति के व्यवहार और संदेश का समाज पर असर पड़ता है। इसलिए ऐसे मामलों में संवेदनशीलता बरतना जरूरी है।

‘शुगर डैडी’ संदेश से महिला की छवि पर असर
चतुर्वेदी ने कहा कि टी-शर्ट पर लिखे संदेश का समाज में यह अर्थ निकाला गया कि संबंधित महिला पैसों की इच्छुक है और केवल गुजारा-भत्ता यानी एलिमनी चाहती है। उनके अनुसार, इस तरह की प्रस्तुति तलाक ले रही पत्नी को गलत नजरिए से देखने का माहौल बना सकती है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि निजी वैवाहिक विवाद को सार्वजनिक मंच पर इस अंदाज में पेश करना उचित नहीं है।

तलाक को लेकर महिलाओं पर सामाजिक दबाव
प्रियंका चतुर्वेदी ने भारतीय समाज में तलाक से जुड़ी सामाजिक सोच पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज भी तलाक को महिलाओं के लिए कलंक की तरह देखा जाता है। कई परिस्थितियों में महिला के लिए विवाह से अलग होने का फैसला आसान नहीं होता और वह इसे अंतिम विकल्प के रूप में चुनती है। ऐसे में किसी सार्वजनिक व्यक्ति की ओर से किया गया ऐसा प्रदर्शन सामाजिक पूर्वाग्रहों को और मजबूत कर सकता है। उनके मुताबिक, तलाक के मामलों में किसी महिला को बिना पूरी जानकारी के दोषी ठहराना गलत है।
बीजेपी ने युजवेंद्र चहल को ओबीसी मोर्चा में दी जगह
इस विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी ने युजवेंद्र चहल को संगठन में नई जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को मोर्चा के नए पदाधिकारियों, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों और विभिन्न विभागों के प्रमुखों की नियुक्तियों की घोषणा की।

ओबीसी मोर्चा में कई पदों पर नई नियुक्तियां
पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से जारी सूची के अनुसार, राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा में सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा संगठन के अलग-अलग विभागों में भी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों में कई राज्यों के नेताओं को जगह मिली है।
सात नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता, महाराष्ट्र के बबनराव रवजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा, बिहार के अर्जुन सहनी और उत्तर प्रदेश की संगीता बलवंत बिंद को नियुक्त किया गया है।
महामंत्री, मंत्री और अन्य पदों पर नियुक्तियां
दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मधवाराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। राष्ट्रीय मंत्री के पद पर गुजरात के दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु के टी. वरथराजन, झारखंड के संजीव कुमार उर्फ बबलू भगत, हरियाणा की सरिता जांगिड़, तेलंगाना के कडगांची रमेश, मध्य प्रदेश के वैभव पंवार और बिहार के भीम कुमार साहू को जिम्मेदारी मिली है।
कोषाध्यक्ष से लेकर सोशल मीडिया संयोजक तक नई टीम
उत्तर प्रदेश के राधेश्याम यादव को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। दिल्ली के संजय कुमार गुर्जर को राष्ट्रीय कार्यालय सचिव और डॉ. अरुण यादव को सह-कार्यालय सचिव नियुक्त किया गया है। बिहार के अजय गुप्ता मीडिया संयोजक होंगे। डिजिटल और सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दिल्ली के परीक्षित डागर तथा मध्य प्रदेश के प्रदीप महौर सोनी को दी गई है। वहीं, प्रो. पंकज चौधरी नीति एवं अनुसंधान विभाग के संयोजक बनाए गए हैं। ओडिशा के आशुतोष बेहरा और उत्तर प्रदेश के राहुल यादव इस विभाग में सह-संयोजक होंगे।

