Ambikapur News : सरगुजा जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की खरीद-बिक्री करने की तैयारी में जुटे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित श्रेणी के 97 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 97 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने मेडिकल दुकान से इंजेक्शन लाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करने की योजना की जानकारी दी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डिगमा निवासी अंकित गुप्ता अपने साथी साहिद अंसारी के साथ नशीले इंजेक्शन की बिक्री करने के लिए शंकरघाट खनिज बैरियर के पास आने वाला है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी में मिले 97 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन
पुलिस टीम ने पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ और तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से 40 नग NRX Buprenorphine Injection IP 0.3 mg/ml (Rexogesic) के 2 एमएल वाले इंजेक्शन तथा 57 नग Pheniramine Maleate Injection IP (Avil) के 10 एमएल वाले इंजेक्शन बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल 97 इंजेक्शन जब्त किए, जिनकी कुल मात्रा 650 एमएल और अनुमानित कीमत करीब 97 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उक्त नशीले इंजेक्शन मेडिकल दुकान से बिक्री के लिए लेकर आए थे और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेचने की योजना बना रहे थे। मामले में आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायालय में पेश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित गुप्ता (27 वर्ष), निवासी जयसिंह नगर, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश), वर्तमान निवास डिगमा एफसीआई गोदाम के पीछे, थाना गांधीनगर तथा साहिद अंसारी (25 वर्ष), निवासी दिनाबार, थाना रामगढ़, जिला पलामू (झारखंड) के रूप में हुई है।

कोतवाली पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 797/26 के तहत धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही सक्रिय भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आशी झा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अनुराग वर्मा, सहायक उप निरीक्षक देवनारायण यादव तथा आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, हिमांशु दास, लाल बाबू सिंह और शिव राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।

