Surguja Congress : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ उत्तराखंड के हल्द्वानी में कथित तौर पर किए गए भेदभावपूर्ण व्यवहार के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से गांधी चौक तक रैली निकाली और केंद्र सरकार से मामले में कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, 8 अगस्त को हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद संघ परिवार से जुड़े एक संगठन द्वारा रैली स्थल का शुद्धिकरण किए जाने और खड़गे को हिंदू विरोधी बताए जाने का आरोप है। इस मामले को लेकर खड़गे ने राज्यसभा में अपनी बात रखते हुए इसे दलित समुदाय से जुड़े होने के कारण किया गया व्यवहार बताया था। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार द्वारा घटना की जांच की बात कहे जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन का पाठ कर सद्बुद्धि की प्रार्थना की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि संघ परिवार की मानसिकता दलित विरोधी है। उन्होंने केंद्र सरकार से घटना में शामिल तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर यह माना जाएगा कि सरकार की इस मामले में सहमति है। पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने आरोप लगाया कि संघ परिवार की सोच में अस्पृश्यता की मानसिकता मौजूद है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का कथित अपमान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज का अपमान है। प्रदर्शन में पीसीसी महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, सत्येंद्र तिवारी, संजय विश्वकर्मा, मो. इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, मदन जायसवाल, संजय सिंह, अशफाक अली, जमील खान, जीवन यादव, दीपक मिश्रा, मो. हसन, निमन राशि एक्का, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, सोहन जायसवाल, प्रमोद चौधरी, शुभम जायसवाल, आशीष जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















