Anti Defection Law : देश में दल-बदल रोधी कानून को और प्रभावी बनाने तथा इसमें मौजूद कमियों को दूर करने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस मामले में केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और विधि आयोग सहित संबंधित संस्थाओं से जवाब मांगा है। अदालत ने इस जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए कानून में संभावित सुधारों को लेकर सभी पक्षों को अपना रुख स्पष्ट करने के लिए कहा है।
CJI सूर्यकांत की पीठ ने जारी किया नोटिस
इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने की। अदालत ने चुनाव आयोग और विधि आयोग के अलावा केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय तथा संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी किया है। इन संस्थाओं से दल-बदल रोधी कानून की मौजूदा व्यवस्था और इसमें सुधार की जरूरत पर अपना पक्ष रखने को कहा गया है।

सामाजिक कार्यकर्ता ने दाखिल की जनहित याचिका
दल-बदल कानून में व्यापक सुधार की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता ए. सेतु ने सुप्रीम कोर्ट में यह याचिका दाखिल की है। याचिका वकील आर. सतीश कुमार और जतिन के माध्यम से दायर की गई है। इसमें निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की ओर से दिए जाने वाले इस्तीफों के कथित राजनीतिक दुरुपयोग पर गंभीर चिंता जताई गई है।याचिका में कहा गया है कि कई बार सांसद और विधायक संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत होने वाली अयोग्यता की कार्रवाई से बचने के लिए रणनीतिक तरीके से इस्तीफा दे देते हैं। ऐसे कदमों से न केवल अयोग्यता की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, बल्कि चुनी हुई सरकारों का बहुमत और उनका अस्तित्व भी खतरे में पड़ सकता है।

इस्तीफे देकर दल-बदल कानून से बचने का आरोप
याचिकाकर्ता के मुताबिक, जब किसी सांसद या विधायक के खिलाफ दल-बदल के आधार पर अयोग्यता की कार्यवाही शुरू होती है या इसकी आशंका रहती है, तब कुछ जनप्रतिनिधि अध्यक्ष के अंतिम फैसले से पहले ही इस्तीफा दे देते हैं। इसके जरिए राजनीतिक गठबंधन बदलने और विधानसभा के संख्या बल को प्रभावित करने की कोशिश की जा सकती है।याचिका में मांग की गई है कि अयोग्यता की कार्यवाही लंबित रहने के दौरान दिया गया इस्तीफा अपने आप उस प्रक्रिया को खत्म नहीं कर सके। यानी केवल इस्तीफा देकर कोई जनप्रतिनिधि दल-बदल कानून के संभावित परिणामों से बचने का लाभ न उठा पाए।
इस्तीफों की निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता की मांग
PIL में विधानसभा अध्यक्षों और सभापतियों को निर्देश देने का अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी इस्तीफे की स्वैच्छिकता और वास्तविकता की निष्पक्ष जांच करें। इसके लिए वस्तुनिष्ठ साक्ष्यों के आधार पर निर्णय लिया जाए और आदेश में उसके कारण भी स्पष्ट किए जाएं।याचिकाकर्ता का कहना है कि इस्तीफे और अयोग्यता से जुड़े मामलों का निपटारा समयबद्ध, पारदर्शी और तर्कसंगत तरीके से होना चाहिए। साथ ही, लंबित अयोग्यता याचिका पर स्वतंत्र रूप से फैसला लिया जाना चाहिए।

त्रिशंकु विधानसभा में बहुमत परीक्षण पर भी उठाया मुद्दा
याचिका में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में सरकार गठन की प्रक्रिया को लेकर भी महत्वपूर्ण मांग की गई है। इसमें कहा गया है कि बहुमत का परीक्षण केवल विधिवत गठित सदन के भीतर होना चाहिए। इसके लिए संविधान के अनुच्छेद 188 के तहत निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाए जाने के बाद सदन के पटल पर फ्लोर टेस्ट कराया जाना चाहिए।याचिकाकर्ता ने कहा है कि बहुमत साबित करने के लिए विधानसभा के बाहर समर्थन पत्रों या सार्वजनिक प्रदर्शनों को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। अब इस मामले में केंद्र सरकार और संबंधित संस्थाओं के जवाब के बाद सुप्रीम कोर्ट में आगे की सुनवाई महत्वपूर्ण होगी।

