Araria Murder Case : बिहार के अररिया जिले में दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। कुर्साकांटा के पहुंसी-बलचंदा मार्ग पर महर्षि मेंही प्रोजेक्ट हाई स्कूल चौक के पास कार सवार अमित भगत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले उनकी कार को टक्कर मारी और इसके बाद पिस्टल निकालकर दो गोलियां चला दीं। एक गोली अमित के सिर में लगी, जिससे उनकी जान चली गई। इस वारदात के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
कार को टक्कर मारने के बाद पिस्टल से किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अमित भगत अपनी चार पहिया गाड़ी (BR 38 Q 8467) से पहुंसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बलचंदा की तरफ से आ रही बोलेरो पिकअप (BR 11 G-5613) ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपियों ने पिस्टल निकालकर अमित पर दो गोलियां दाग दीं। इनमें से एक गोली उनके सिर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने से पहले गई अमित भगत की जान
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर कुआड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित को इलाज के लिए कुर्साकांटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के दौरान पिस्टल के दो खोखे भी बरामद किए।

चार प्रतीकात्मक अर्थियों वाले वीडियो ने बढ़ाया रहस्य
हत्या की वारदात के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने मामले को और गंभीर बना दिया है। वीडियो में बांस और फूस से चार पुतले बनाकर उन्हें सफेद कपड़े से लपेटा गया है। इसके बाद इन पुतलों की प्रतीकात्मक अर्थी निकालते हुए दिखाया गया है। अर्थी के बीच मिट्टी का घड़ा और जलता हुआ दीया भी नजर आ रहा है। चारों पुतलों पर कागज के माध्यम से अलग-अलग नाम लिखे गए हैं।
चार नामों में महिला का भी जिक्र, क्या अन्य लोग भी निशाने पर?
वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि चार नामों में तीन कुआड़ी थाना क्षेत्र के और एक पहुंसी के व्यक्ति का है। इनमें एक महिला का नाम भी शामिल होने की बात कही जा रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या अमित भगत के अलावा तीन अन्य लोग भी किसी संभावित हमले के निशाने पर थे? हालांकि, वीडियो में दिखाए गए नामों और हत्या के बीच संबंध की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इसकी सत्यता की जांच कर रही है।

दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
अमित भगत रजिस्ट्री कार्यालय में मोहर्रिर के मुंशी के रूप में काम करते थे। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी शादी फारबिसगंज में हुई थी और उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा ऐशराज 15 वर्ष का है, जबकि छोटा बेटा युवराज 11 साल का है। अमित दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई अमरनाथ भगत सरकारी सेवा में हैं और परिवार में दो बहनें भी हैं। हत्या की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अवैध संबंध के विवाद में हत्या की आशंका, एसआईटी गठित
अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी व्यक्ति को लेकर तनाव चल रहा था। एसपी ने दावा किया कि हत्या में शामिल व्यक्ति के बारे में पुलिस को स्पष्ट जानकारी मिल गई है और मामले का खुलासा कर दिया गया है। इस हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। पुलिस अब अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी, हत्या की साजिश और चार नामों वाले वीडियो की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी है।

