Asif Merchant Gets 27 Years Jail : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य शीर्ष नेताओं की हत्या की साजिश रचने के मामले में एक पाकिस्तानी नागरिक को अमेरिका की अदालत ने कड़ी सजा सुनाई है। ब्रुकलिन की संघीय अदालत ने 48 वर्षीय आसिफ मर्चेंट को 330 महीने यानी 27 साल और छह महीने जेल में बिताने का आदेश दिया है। अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, मर्चेंट को मार्च 2026 में अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद और सुपारी देकर हत्या की कोशिश से जुड़े आरोपों में दोषी ठहराया गया था। अभियोजन पक्ष का आरोप था कि वह ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के इशारे पर काम कर रहा था।
अमेरिकी अदालत ने सुनाया सख्त फैसला
अमेरिकी जिला जज एरिक आर. कोमिटी ने आसिफ मर्चेंट को यह सजा सुनाई। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, मर्चेंट को अमेरिकी धरती पर राजनीतिक नेताओं की हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए भेजा गया था। फैसले के बाद अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि अमेरिका अपने नेताओं के खिलाफ विदेशी आतंकी साजिशों को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। अमेरिकी न्याय विभाग ने इस मामले को देश की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।

कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना था मकसद
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस साजिश के पीछे जनवरी 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने की मंशा थी। न्याय विभाग के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रभाग के कार्यवाहक अधिकारी एम. स्कॉट प्रॉक्टर ने बताया कि मर्चेंट ने अपनी गवाही में स्वीकार किया था कि साजिश का मुख्य निशाना डोनाल्ड ट्रंप थे। संभावित निशानों में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र की पूर्व राजदूत निक्की हेली के नाम भी शामिल बताए गए। आरोप है कि मर्चेंट को अमेरिका में स्थानीय अपराधियों या माफिया के सदस्यों को पैसे देकर राजनीतिक रैली के दौरान हत्या करवाने का निर्देश मिला था।

ईरान में हैंडलर से मुलाकात और मिली थी ट्रेनिंग
जांच के मुताबिक, आसिफ मर्चेंट वर्ष 2022 के आसपास धार्मिक यात्राओं के बहाने ईरान जाने लगा था। वहां एक रिश्तेदार के माध्यम से उसकी मुलाकात IRGC के कथित हैंडलर यूसुफ मेहरदाद से हुई। इसके बाद वह संगठन के संपर्क में आया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 2023 से करीब डेढ़ साल तक मर्चेंट ने तेहरान में अपने हैंडलर से लगभग 15 बार मुलाकात की। इस दौरान उसे खुफिया एजेंसियों की निगरानी से बचने और काउंटर-इंटेलिजेंस से जुड़ी ट्रेनिंग दी गई।
परिचित की सूचना से FBI तक पहुंची साजिश
अप्रैल 2024 में ईरान में करीब एक सप्ताह बिताने के बाद मर्चेंट अमेरिका पहुंचा। वहां उसने हत्या की योजना में मदद के लिए अपने एक परिचित से संपर्क किया। हालांकि, उस व्यक्ति ने पूरी जानकारी FBI को दे दी और जांच एजेंसी का मुखबिर बन गया। अदालत में पेश वीडियो रिकॉर्डिंग में मर्चेंट कथित तौर पर मुखबिर को राजनीतिक रैली के दौरान हत्या की योजना समझाते हुए दिखाई दिया।

सुपारी किलर समझकर FBI एजेंटों को दिए 5000 डॉलर
मर्चेंट ने जिन लोगों को सुपारी किलर समझकर संपर्क किया था, वे वास्तव में FBI के अंडरकवर एजेंट थे। उसने उनसे तीन बार मुलाकात की और एक नेता की हत्या के लिए मदद मांगी। आरोपों के मुताबिक, उसने 5,000 डॉलर एडवांस के रूप में दिए। जांच एजेंसियों ने 12 जुलाई को टेक्सास के रिचमंड से उसे गिरफ्तार कर लिया, जब वह अमेरिका छोड़ने की तैयारी कर रहा था।
लैपटॉप और मोबाइल से मिले साजिश से जुड़े सबूत
गिरफ्तारी के बाद मर्चेंट के लैपटॉप, मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की गई। अधिकारियों को 2024 के राष्ट्रपति चुनाव और ट्रंप की चुनावी रैलियों से जुड़ी सर्च हिस्ट्री मिली। इसमें न्यू जर्सी में होने वाली रैली की लोकेशन के लिए Google Maps पर की गई खोज भी शामिल थी। सोशल मीडिया पर कासिम सुलेमानी की प्रशंसा और अमेरिका तथा ट्रंप के खिलाफ पोस्ट भी मिले। अमेरिकी अभियोजक जोसेफ नोसेला जूनियर के मुताबिक, लंबी जेल की सजा का उद्देश्य भविष्य में ऐसी साजिशों को रोकना है।

