Bangladesh Violence : बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार, 19 नवंबर को प्रतिबंधित अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान राजधानी ढाका समेत कई शहरों में बम धमाकों, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को भी आग लगा दी गई। रिपोर्टों के मुताबिक, देश के 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 जिलों में विस्फोट हुए। हिंसा में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं, जबकि पिछले दो दिनों में राजनीतिक झड़पों के दौरान चार लोगों की मौत की खबर है।
सुबह से शाम तक लॉकडाउन का आह्वान
अवामी लीग ने गुरुवार को सुबह से शाम तक देशव्यापी लॉकडाउन बुलाया था। पार्टी ने यह कदम शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में सुनाई गई मौत की सजा का एक साल पूरा होने के अवसर पर उठाया। संभावित हिंसा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने ढाका और संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया था।

मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर और ग्रामीण बैंक पर हमला
चटगांव के पांचलाइश इलाके में अज्ञात उपद्रवियों ने मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी। इससे पहले ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को भी निशाना बनाए जाने की खबरें आई थीं। इस बैंक की स्थापना यूनुस ने की थी। राजधानी ढाका में भी गुरुवार तड़के कई स्थानों पर बम धमाकों और आगजनी की घटनाएं हुईं। बुधवार रात अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर भी हमला कर आग लगा दी गई थी। इन घटनाओं में BNP कार्यकर्ताओं की संलिप्तता की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

28 जिलों में धमाके, 565 लोगों की गिरफ्तारी
‘बीडीन्यूज24’ की रिपोर्ट के अनुसार, ढाका में 24 घंटे चले पुलिस अभियान के दौरान 565 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं, जिन्हें बुधवार आधी रात उनके आवास से हिरासत में लिया गया। संवेदनशील इलाकों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हजारों जवान तैनात किए गए हैं। इनमें शेख हसीना के जन्मस्थान गोपालगंज में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
BNP और अवामी लीग के ठिकानों पर हमले
पिछले दो दिनों में दोनों राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाए जाने की खबरें हैं। नाराइल जिले में अवामी लीग कार्यकर्ताओं पर BNP की रैली पर हमला करने का आरोप है, जिसमें दो स्थानीय नेताओं की मौत हुई। फरीदपुर और पिरोजपुर में भी हिंसा के दौरान एक BNP नेता और एक परिवहन कर्मचारी की जान गई। वहीं, BNP और अवामी लीग के कार्यालयों तथा नेताओं की संपत्तियों में आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं।

तारिक रहमान ने अवामी लीग के खिलाफ खोला मोर्चा
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन और फासीवादी ताकत बताते हुए लोकतांत्रिक दलों से उसकी राजनीतिक वापसी रोकने की अपील की। ‘द डेली स्टार’ के मुताबिक, उन्होंने BNP सांसदों से कहा कि वे केवल सरकारी मशीनरी पर निर्भर न रहें, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर राजनीतिक स्तर पर भी सक्रिय रहें।
दिसंबर में वापसी की घोषणा से बढ़ा तनाव
5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी और मुहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी संभाली थी। बाद में उनकी सरकार ने अवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया। हसीना तब से भारत में रह रही हैं। पिछले साल नवंबर में विशेष न्यायाधिकरण ने उन्हें उनकी गैरमौजूदगी में मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में मौत की सजा सुनाई थी। इसके बावजूद हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताई है। उनकी इस घोषणा के बाद देश में राजनीतिक टकराव और गहरा गया है।

