Jharkhand Police : झारखंड पुलिस के सूचना और अपडेट तंत्र की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऐसे नक्सलियों के नाम अब भी फरार आरोपियों की सूची में दर्ज हैं, जो करीब डेढ़ महीने पहले पश्चिम बंगाल पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर चुके हैं। इनमें 15 लाख रुपये का इनामी नक्सली राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन और उसकी पत्नी मीता उर्फ नयनतारा शामिल हैं। हैरानी की बात यह है कि झारखंड पुलिस की वेबसाइट को हाल ही में 4 नवंबर को अपडेट किए जाने की जानकारी दी गई है, इसके बावजूद दोनों के नाम वांटेड नक्सलियों की सूची से नहीं हटाए गए।
24 सितंबर को पश्चिम बंगाल में किया था आत्मसमर्पण
जानकारी के मुताबिक, 24 सितंबर को पश्चिम बंगाल पुलिस ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की थी कि झारखंड के 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन, उसकी पत्नी मीता और दो लाख रुपये के इनामी नक्सली बुलु महतो ने पुलिस के सामने हथियार डाल दिए हैं। आत्मसमर्पण के बाद उनकी निशानदेही पर पश्चिम बंगाल पुलिस ने बड़ी मात्रा में हथियार और गोलियां भी बरामद की थीं। इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना गया था।

नक्सली संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालते थे सचिन और मीता
सचिन नक्सली संगठन में रीजनल कमेटी मेंबर (आरसीएम) के पद पर सक्रिय था, जबकि उसकी पत्नी मीता उर्फ नयनतारा जोनल कमेटी मेंबर (जेडसीएम) के रूप में काम कर रही थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सचिन मूल रूप से झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा क्षेत्र स्थित झुझका गांव का निवासी है। वहीं, उसकी पत्नी मीता पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के नंदीग्राम की रहने वाली बताई गई है। दोनों के आत्मसमर्पण के बाद भी झारखंड पुलिस की वांटेड सूची में उनके नाम बने रहना विभागीय रिकॉर्ड के रखरखाव पर सवाल खड़े करता है।

वेबसाइट पर 11 इनामी नक्सलियों के नाम दर्ज
झारखंड पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर फिलहाल कुल 11 इनामी नक्सलियों की सूची अपलोड होने की जानकारी सामने आई है। इस सूची में सबसे पहले 15 लाख रुपये के इनामी राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन का नाम दर्ज है। इसी श्रेणी में दूसरा नाम नितेश यादव उर्फ इरफान का बताया गया है। सूची में सचिन की पत्नी मीता उर्फ नयनतारा का नाम भी शामिल है। उसे 10 लाख रुपये का इनामी नक्सली दर्शाया गया है। इस श्रेणी में कुल चार नाम दर्ज हैं।
सरेंडर के बाद भी रिकॉर्ड में बदलाव नहीं
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पश्चिम बंगाल पुलिस 24 सितंबर को आत्मसमर्पण की आधिकारिक घोषणा कर चुकी थी, तो झारखंड पुलिस की वेबसाइट पर डेढ़ महीने से अधिक समय बाद भी दोनों को फरार क्यों दिखाया जा रहा है। खास बात यह है कि वेबसाइट 4 नवंबर को अपडेट होने के बावजूद सूची में बदलाव नहीं हुआ। इससे पुलिस विभाग के आंतरिक सूचना तंत्र और झारखंड तथा पश्चिम बंगाल पुलिस के बीच समन्वय को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

एक करोड़ के इनामी नक्सली का नाम भी सूची से गायब
झारखंड पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, राज्य में अब एक करोड़ रुपये का इनामी कोई नक्सली सूचीबद्ध नहीं है। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली असीम मंडल ने भी हाल ही में पश्चिम बंगाल पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। हालांकि, सचिन और मीता के नाम अब भी वांटेड सूची में बने हुए हैं। ऐसे में पुलिस रिकॉर्ड को समय पर दुरुस्त करने और राज्यों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की जरूरत साफ नजर आती है।
Read More : UP Election 2027: भाजपा का हिंदुत्व कार्ड बनाम अखिलेश का PDA, किसकी बनेगी सरकार?

