Barautunga Mine Explosion : एमसीबी जिले के बरतुंगा ओसीएम खदान में सोमवार, 6 अक्टूबर को हुए खतरनाक ब्लास्ट ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। बताया जा रहा है कि कृष्णा सुपर हाईटेक कंपनी और एसईसीएल के अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए अत्यंत खतरनाक आयुधों से विस्फोट किया, जिससे वहां कार्यरत कई कर्मचारी घायल हो गए। मामले में कालरी प्रबंधक एवं कृष्णा सुपर हाईटेक कंपनी के अधिकारियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, विस्फोट के समय कृष्णा सुपर हाईटेक कंपनी के इंचार्ज शिवानंद और एसईसीएल के ब्लास्टिंग इंचार्ज रवि चक्रधारी मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने बिना जरूरी सुरक्षा इंतजाम और मानक प्रक्रिया का पालन किए विस्फोट कराया, जिससे आसपास के मजदूरों, मशीनों और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। गनीमत यह रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसा गंभीर लापरवाही को उजागर करता है।

इस हादसे में एसईसीएल के कर्मचारी हसमत अली, मानसाय, शंकर, शिवकुमार, मानकुवर, हीरामनी, ओवरमैन मनोज कुमार, डिप्टी मैनेजर सहित कई अन्य मजदूर घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद रीजनल अस्पताल कुरासिया में भर्ती कराया गया है। मौके पर भारी अफरातफरी का माहौल बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना चिरमिरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की। घायल कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए। इस संबंध में प्रार्थी राज पिता सुधारू 19 वर्ष, निवासी डोमनहिल सोनवानी की रिपोर्ट पर कालरी प्रबंधक एवं कृष्णा सुपर हाईटेक कंपनी के अधिकारियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 239/2025 के तहत धारा 288, 118(1) बी.एन.एस.एस. एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 3 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी चिरमिरी ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है, और जांच में दोषी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











