Ambikapur News : सरगुजा और सूरजपुर जिले के लिए महत्वपूर्ण श्याम घुनघुट्टा जलाशय में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जल संसाधन विभाग ने आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जलाशय का जलभराव 90 प्रतिशत तक पहुंचता है तो बांध के गेट किसी भी समय खोले जा सकते हैं। ऐसे में बांध के डाउनस्ट्रीम (निचले) क्षेत्रों और नदी किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन संभाग क्रमांक-1, अंबिकापुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार वर्तमान में श्याम घुनघुट्टा जलाशय का जलभराव 81.95 प्रतिशत दर्ज किया गया है। जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और जलाशय के पूर्ण भराव की स्थिति कभी भी बन सकती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा की दृष्टि से निर्धारित स्तर पर पहुंचने के बाद अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए बांध के गेट खोले जाएंगे।


विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे नदी, नालों और बांध के निचले क्षेत्रों में जाने से बचें। पानी छोड़े जाने के बाद नदी के जलस्तर में अचानक और तेज बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका रहेगी। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही जान-माल के लिए खतरा बन सकती है।
इस संबंध में मुख्य अभियंता, आयुक्त सरगुजा संभाग, सरगुजा एवं सूरजपुर के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला प्रशासन, एसडीएम, तहसीलदार, बाढ़ आपदा प्रकोष्ठ, आकाशवाणी अंबिकापुर सहित संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन को भी सूचना भेजकर आवश्यक सतर्कता एवं तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जल संसाधन विभाग ने नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।











