Urine Burning : कई बार लोगों को पेशाब करते समय जलन, चुभन या दर्द महसूस होता है। शुरुआत में ज्यादातर लोग इसे सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। कुछ लोगों को लगता है कि ज्यादा मसालेदार भोजन खाने या कम पानी पीने के कारण ऐसा हो रहा है। लेकिन बार-बार पेशाब में जलन होना किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है। खासकर महिलाओं को इस परेशानी को हल्के में नहीं लेना चाहिए। समय पर इसके कारणों की पहचान करना जरूरी है।
क्या कहती हैं डॉक्टर?
FMRI गुड़गांव की प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की निदेशक और यूनिट प्रमुख डॉ. निवेदिता कौल के अनुसार, पेशाब करते समय जलन होना ऐसी समस्या नहीं है, जिसे नजरअंदाज किया जाए। खासकर जब यह परेशानी बार-बार हो रही हो या एक दिन से अधिक समय तक बनी रहे।

कई बार शरीर में पानी की कमी या अस्थायी जलन के कारण भी ऐसा महसूस हो सकता है। हालांकि, इसके पीछे यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन (UTI) या दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं भी जिम्मेदार हो सकती हैं। इसलिए केवल घरेलू उपायों के भरोसे रहना सही नहीं है।

यूरिन में जलन होने का सबसे बड़ा कारण क्या है?
पेशाब में जलन होने का सबसे आम कारण यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन यानी UTI है। यह संक्रमण तब होता है, जब बैक्टीरिया यूरिनरी सिस्टम में प्रवेश करके संक्रमण फैलाने लगते हैं। इससे पेशाब करते समय जलन, दर्द और बार-बार यूरिन आने जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
महिलाओं में पुरुषों की तुलना में UTI होने की आशंका अधिक रहती है। इसका एक प्रमुख कारण महिलाओं की शारीरिक संरचना है। इसके अलावा, साफ-सफाई में कमी और कुछ अन्य स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियां भी संक्रमण का जोखिम बढ़ा सकती हैं।

यीस्ट इन्फेक्शन और हार्मोनल बदलाव भी हो सकते हैं जिम्मेदार
हर बार पेशाब में जलन होने का मतलब UTI होना नहीं है। कई बार योनि में होने वाला यीस्ट इन्फेक्शन भी इस परेशानी की वजह बन सकता है। इसके अलावा यौन संचारित संक्रमण (STI), हार्मोनल बदलाव और मेनोपॉज के बाद शरीर में होने वाले परिवर्तन भी जलन पैदा कर सकते हैं।
कुछ महिलाओं को इंटिमेट हाइजीन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सुगंधित साबुन, वॉश और दूसरे केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स से भी जलन हो सकती है। ऐसे में समस्या का सही कारण जानना बेहद जरूरी है।
यूरिन में जलन के साथ दिखें ये लक्षण तो रहें सावधान
पेशाब में जलन के साथ कुछ अन्य लक्षण दिखाई दें तो उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बार-बार पेशाब आना, अचानक यूरिन करने की तेज इच्छा होना, पेट के निचले हिस्से में दर्द या बेचैनी UTI के संकेत हो सकते हैं।
इसके अलावा पेशाब का धुंधला दिखाई देना या उसमें से तेज दुर्गंध आना भी संक्रमण की ओर इशारा कर सकता है। यदि जलन के साथ बुखार, ठंड लगना, पीठ या कमर के एक तरफ दर्द, मतली और पेशाब में खून आने जैसी समस्या हो, तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। ये लक्षण संक्रमण के किडनी तक पहुंचने का संकेत हो सकते हैं।
UTI होने पर कौन सी जांच और इलाज जरूरी है?
डॉक्टरों के अनुसार, पेशाब में जलन होने पर खुद से दवाएं या एंटीबायोटिक्स लेना नुकसानदायक हो सकता है। संक्रमण की सही वजह जानने के लिए डॉक्टर यूरिन रूटीन टेस्ट और यूरिन कल्चर कराने की सलाह दे सकते हैं। जांच के आधार पर उचित उपचार निर्धारित किया जाता है।
पेशाब में जलन से बचने के लिए अपनाएं ये सावधानियां
पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, पेशाब को लंबे समय तक नहीं रोकना और सही इंटिमेट हाइजीन बनाए रखना जरूरी है। तेज खुशबू वाले इंटिमेट प्रोडक्ट्स से बचना भी फायदेमंद हो सकता है। यदि जलन लगातार बनी रहती है या बार-बार होती है, तो गायनेकोलॉजिस्ट अथवा संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें। याद रखें, पेशाब में जलन खुद कोई बीमारी नहीं, बल्कि शरीर में मौजूद किसी समस्या का लक्षण हो सकती है।

