Infant Trafficking Case : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के सनसनीखेज मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। गोगांव स्थित दिवाकर अस्पताल का नर्सिंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर ने नोटिस जारी किया है। इस मामले में अस्पताल पर गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में अस्पताल के दस्तावेजों और संसाधनों के दुरुपयोग से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। वहीं, नवजात शिशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह का नेटवर्क छत्तीसगढ़ से बाहर कई राज्यों तक फैला होने की आशंका है।
दिवाकर अस्पताल का नर्सिंग लाइसेंस होगा निरस्त?
रायपुर के गोगांव स्थित दिवाकर अस्पताल के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बच्चों की खरीद-बिक्री के मामले में अस्पताल की भूमिका सामने आने के बाद कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने नर्सिंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।नियमानुसार लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया से पहले अस्पताल को 30 दिन का समय दिया गया है। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन को अपना पक्ष रखने और आरोपों पर जवाब देने का अवसर मिलेगा। यदि निर्धारित अवधि में जवाब नहीं दिया जाता या प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो प्रशासन अस्पताल का नर्सिंग लाइसेंस निरस्त कर सकता है।

फर्जी डिस्चार्ज टिकट और दस्तावेज बनाने का आरोप
कलेक्टर की ओर से जारी नोटिस में प्रारंभिक पुलिस जांच और सामने आए तथ्यों का उल्लेख किया गया है। इसके मुताबिक, अस्पताल में नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री के लिए कथित तौर पर फर्जी डिस्चार्ज टिकट और अन्य दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे।आरोप है कि इस अवैध गतिविधि को अंजाम देने के लिए अस्पताल के आधिकारिक लैटरहेड, सील और पंजीयन नंबर का दुरुपयोग किया गया। इन दस्तावेजों के माध्यम से बच्चों के अस्पताल से डिस्चार्ज होने से संबंधित रिकॉर्ड तैयार किए जाने की बात सामने आई है।नोटिस में अस्पताल से जुड़े डॉक्टर डॉ. खिर सिंधु महानंद के अलावा प्रकाश कुमार कोरव और अश्वनी शर्मा का भी उल्लेख किया गया है। मामले में इन आरोपियों को जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है।

एक डॉक्टर समेत सात आरोपियों की गिरफ्तारी
नवजात शिशुओं की तस्करी के इस मामले में पुलिस अब तक एक डॉक्टर समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसियां गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और बच्चों की खरीद-बिक्री के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा, हैदराबाद और अहमदाबाद समेत देश के आठ राज्यों तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नवजात बच्चों को किन परिस्थितियों में और किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।
गर्भावस्था छिपाने वाली महिलाओं को बनाते थे निशाना
पिछले सप्ताह रायपुर पुलिस ने नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया था। इस कार्रवाई के दौरान तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। शुरुआती जांच में सामने आया कि गिरोह खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और सामाजिक दबाव में गर्भावस्था छिपाने को मजबूर महिलाओं को निशाना बनाता था।पुलिस के अनुसार, ऐसी महिलाओं की मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें अपने जाल में फंसाया जाता था। खासकर अवैध संबंधों के कारण गर्भवती हुई महिलाओं को गिरोह की सदस्य संपर्क करती थीं और उन्हें मदद का भरोसा दिलाती थीं।

मुफ्त प्रसव और बेहतर इलाज का देते थे झांसा
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह में शामिल महिलाएं जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को मुफ्त प्रसव और अस्पताल में बेहतर इलाज कराने का लालच देती थीं। महिलाओं को भरोसे में लेकर उनके नवजात बच्चों को हासिल करने की कथित साजिश रची जाती थी।इसके बाद बच्चों को कथित तौर पर इच्छुक दंपत्तियों तक मोटी रकम लेकर पहुंचाया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के आर्थिक लेन-देन, अस्पताल से जुड़े दस्तावेजों और आरोपियों के संपर्कों की जांच कर रही है।
आठ राज्यों तक फैले नेटवर्क की जांच जारी
रायपुर में सामने आया यह मामला केवल एक अस्पताल या कुछ आरोपियों तक सीमित होने की आशंका नहीं है। आठ राज्यों तक नेटवर्क के संकेत मिलने के बाद पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से दिवाकर अस्पताल के लाइसेंस को लेकर शुरू की गई कार्रवाई भी इसी मामले में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस गिरोह ने अब तक कितने नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री की और इस अवैध कारोबार में किन-किन लोगों की भूमिका रही है। पुलिस की आगे की जांच में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

