Pregnant Robot China: गर्भावस्था मानव जीवन का सबसे कोमल, संवेदनशील और अनमोल अनुभवों में से एक है। यह केवल एक जैविक प्रक्रिया नहीं, बल्कि भावनात्मक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। लेकिन अब चीन की एक टेक्नोलॉजी कंपनी इस प्रक्रिया को कृत्रिम रूप से दोहराने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

काइवा टेक्नोलॉजी का अनोखा प्रोजेक्ट
बीजिंग स्थित काइवा टेक्नोलॉजी नामक कंपनी दुनिया का पहला ऐसा रोबोट तैयार कर रही है जो गर्भावस्था की संपूर्ण प्रक्रिया को कृत्रिम रूप से अंजाम देगा। इसे “प्रेग्नेंसी सिमुलेटर रोबोट” कहा जा रहा है, जिसमें एक रोबोटिक पेट और एक इन्क्यूबेशन पॉड शामिल होगा जो इंसानी गर्भाशय के समान माहौल प्रदान करेगा। कंपनी के अनुसार इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख युआन (लगभग 12 लाख रुपये) होगी।

कंपनी के CEO झांग किफेंग, जो सिंगापुर की नानयांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से पीएचडी हैं, का कहना है कि यह तकनीक उन महिलाओं के लिए वरदान हो सकती है जो शारीरिक या मानसिक कारणों से गर्भधारण नहीं करना चाहतीं लेकिन मां बनना चाहती हैं।
साइंस या साइंस-फिक्शन?
जहां कुछ लोगों ने इस तकनीक को चिकित्सा क्षेत्र में क्रांति करार दिया है, वहीं बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़े नैतिक, सामाजिक और संवैधानिक पहलुओं को लेकर चिंतित हैं। क्या मशीनों से जन्मे बच्चों को समाज वैसे ही स्वीकार करेगा जैसे स्वाभाविक रूप से जन्मे बच्चों को करता है? क्या यह मातृत्व की भावना को केवल एक बायोलॉजिकल घटना में बदल देगा?
सोशल मीडिया पर बहस
चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर इस खबर को लेकर जोरदार प्रतिक्रिया देखने को मिली। 100 मिलियन से ज्यादा व्यूज़ और हजारों टिप्पणियों ने इस बहस को जन्म दिया कि तकनीक कितनी दूर तक जा सकती है और उसे किस बिंदु पर रोका जाना चाहिए।
कानूनी और नैतिक प्रश्न
इस तकनीक से जुड़े कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं—क्या रोबोटिक गर्भ में जन्मे बच्चों को कानूनी पहचान मिलेगी? उनका माता-पिता कौन होगा? ऐसे बच्चों के अधिकार कैसे तय होंगे? धार्मिक और सांस्कृतिक समुदाय इस विचार को कैसे अपनाएंगे?
भविष्य की झलक या चेतावनी?
फिलहाल यह तकनीक शुरुआती प्रयोगों की अवस्था में है, लेकिन इसके दूरगामी प्रभावों से इनकार नहीं किया जा सकता। यह केवल एक मेडिकल इनोवेशन नहीं, बल्कि समाज, कानून और मानवीय मूल्यों के लिए एक बड़ी चुनौती भी है। क्या यह प्रगति मानवता की मदद करेगी या उसे मशीनों के अधीन बना देगी—इस सवाल का जवाब आने वाला समय ही देगा।










