दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की हत्या के बाद राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पूर्वोत्तर के लोगों के खिलाफ बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए आखिर क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की हत्या के बाद राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पूर्वोत्तर के लोगों के खिलाफ बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए आखिर क्या कदम उठाए जा रहे हैं?

Delhi Crime News : दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी गांव में मणिपुर के जाने-माने संगीतकार और गिटारवादक विक्रम सिंह चोंगथम की पीट-पीटकर हत्या का मामला अब राजनीतिक मुद्दा बन गया है। 54 वर्षीय चोंगथम की मौत के बाद कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने केंद्र सरकार, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस की कानून-व्यवस्था व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए गृह मंत्री अमित शाह से भी जवाब मांगा है।


राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि विक्रम सिंह अपने घर के बाहर शोर कर रहे कुछ लोगों से आवाज कम करने का अनुरोध करने नीचे गए थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर उन पर हमला किया गया और उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। राहुल ने कहा कि राजधानी दिल्ली में अपने ही घर के बाहर एक पिता की हत्या होना बेहद चिंताजनक है।

राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली में रहने वाले पूर्वोत्तर राज्यों के परिवारों के मन में अब सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस से पूछा कि राजधानी में बढ़ती अराजकता और विशेष रूप से पूर्वोत्तर के लोगों के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मामले की जल्द जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार 6 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे हुई। विक्रम सिंह अपने घर से कचरा फेंकने के लिए नीचे आए थे। इसी दौरान पास के दो ढाबों में काम करने वाले कुछ कर्मचारी कथित तौर पर तेज आवाज में शोर कर रहे थे। विक्रम ने उनसे शांति बनाए रखने और आवाज कम करने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
बताया गया कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने विक्रम सिंह पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह अपने तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट की ओर भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया। आरोप है कि कॉरिडोर में उन्हें घेरकर बेरहमी से पीटा गया। घटना के बाद परिजन उन्हें ओखला स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी। पुलिस ने CCTV फुटेज और सर्विलांस की मदद से कथित तौर पर सभी आठ आरोपियों की पहचान की। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने सात बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 15 वर्षीय एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में कुछ लोग आसपास के ढाबों और पिज्जा कियोस्क पर काम करते हैं। इनमें डिलीवरी बॉय और पैकिंग से जुड़े कर्मचारी शामिल बताए गए हैं। पुलिस अब घटना के पूरे क्रम, हमले में शामिल लोगों की भूमिका और विवाद की वजह से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
चोंगथम की हत्या के बाद दिल्ली में रहने वाले पूर्वोत्तर समुदाय के लोगों में आक्रोश है। सोमवार शाम किलोकरी गांव में करीब 100 लोगों ने एकत्र होकर कैंडललाइट मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने पूर्वोत्तर राज्यों से आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
राहुल गांधी के अलावा मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने भी घटना पर चिंता जताई। उन्होंने दिल्ली पुलिस से मामले की गहन जांच करने और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की अपील की। इस घटना ने राजधानी में पूर्वोत्तर समुदाय की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read More : Chhattisgarh High Court : शरिया कोर्ट पर हाईकोर्ट का फैसला, शादी और तलाक को लेकर साफ किया अधिकार


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
