Ambikapur News : शहर की जर्जर सड़कों और नगर निगम की लापरवाह कार्यशैली को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जय स्तंभ चौक पर आम सभा के बाद कांग्रेसजनों ने रैली निकालकर कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें तत्काल सड़कों की मरम्मत और बरसात थमते ही डामरीकरण करने की मांग रखी गई।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि नगर निगम की महापौर अपनी अक्षमता छिपाने के लिए नित नए बहाने बना रही हैं। कमीशनखोरी के फेर में तीन बार टेंडर रद्द किए गए, जबकि जनता गड्ढों से भरी सड़कों पर परेशान है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार वोट चोरी से बनी है, इसलिए इन्हें जनहित की परवाह नहीं है।

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि सड़कों पर चलना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। भाजपा ने हर स्तर पर जनादेश पाया, लेकिन बदले में जनता को केवल उपेक्षा मिली। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा सड़कों के डामरीकरण हेतु 20 करोड़ रुपये देने की घोषणा के बाद भी एक गड्ढा तक नहीं भरा गया।
पूर्व सभापति अजय अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़कों का काम नहीं हुआ तो कांग्रेस का आंदोलन और भी बड़ा होगा, जिसे संभालना मुश्किल हो जाएगा। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि शहर की समस्या सिर्फ सड़क और सफाई तक सीमित नहीं है। किसान खाद के अभाव में परेशान हैं और निगम चुनाव के अधिकृत परिणाम तक घोषित नहीं हुए हैं, जो लोकतंत्र का मजाक है।
सभा को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि भाजपा सरकार और नगर निगम जनता से पूरी तरह कट चुके हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऐलान किया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश गुप्ता और आभार प्रदर्शन लवकेश पासवान ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।











