Balrampur Flag Controversy: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के विरेंद्रनगर गांव में धार्मिक ध्वज को लेकर विवाद गहरा गया है। हनुमान ध्वज के ऊपर मुस्लिम ध्वज फहराने और उसकी रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की घटना ने इलाके में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा कर दी। प्रशासन की तत्परता से फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?
घटना त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम विरेंद्रनगर की है। यहां सार्वजनिक सोलर पानी टंकी के पास गणेश उत्सव के तहत गणेश पंडाल लगाया गया था और टंकी पर हनुमान ध्वज फहराया गया था। 4 सितंबर को कुछ स्थानीय युवकों ने टंकी पर चढ़कर हनुमान ध्वज के ऊपर मुस्लिम समुदाय का झंडा लगा दिया और उसकी रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी।

वीडियो शनिवार को गांव में वायरल होते ही दोनों समुदायों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते गांव में तनाव का माहौल बन गया।
प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में
घटना की गंभीरता को देखते हुए बलरामपुर पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर ध्वज को नीचे उतारा और स्थिति को शांत करने की कोशिश की। SDOP रामानुजगंज बाजीलाल सिंह, तहसीलदार और थाना प्रभारी की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक की गई, जिसमें दोनों समुदायों के लोगों ने भाग लिया।
हिंदू समुदाय के लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
बलरामपुर SP वैभव बैंकर ने कहा कि “गांव की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है। धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
क्या है अब गांव की स्थिति?
गांव में स्थिति सामान्य लेकिन तनावपूर्ण बनी हुई है। त्रिकुंडा थाना पुलिस, रामानुजगंज तहसीलदार और SDOP की निगरानी में गांव में 24 घंटे पुलिस बल तैनात है।प्रशासन ने सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को समझाइश दी है।सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
बलरामपुर की यह घटना धार्मिक भावनाओं और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से उपजे खतरे को उजागर करती है। पुलिस की तत्परता से फिलहाल हालात काबू में हैं, लेकिन सांप्रदायिक तनाव की चिंगारी को बुझाने के लिए सामाजिक और प्रशासनिक सतर्कता जरूरी है।
Read More : Durg Murder Case : छत्तीसगढ़ के दुर्ग में युवक की हत्या, मामूली विवाद में सिर पर सिलेंडर पटक कर ले ली जान










