Diabetes Risk : भारत में डायबिटीज के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बीमारी से बचाव और इसके गंभीर प्रभावों को कम करने का सबसे प्रभावी तरीका समय रहते इसकी पहचान करना है। इसके लिए केवल प्यास लगने, बार-बार पेशाब आने या थकान जैसे लक्षणों पर निर्भर रहना सही नहीं है। नियमित ब्लड शुगर जांच और कमर के आकार पर नजर रखना भी जरूरी है।
डॉक्टरों का कहना है कि टाइप-2 डायबिटीज कई वर्षों तक बिना स्पष्ट लक्षणों के शरीर में मौजूद रह सकती है। ऐसे में व्यक्ति सामान्य महसूस करता रहता है, लेकिन उसके शरीर पर हाई ब्लड शुगर का असर धीरे-धीरे शुरू हो सकता है। इसलिए जोखिम वाले लोगों को लक्षण सामने आने से पहले ही जांच कराने की आदत डालनी चाहिए।

बिना लक्षण के भी शरीर को नुकसान पहुंचाती है डायबिटीज
टाइप-2 डायबिटीज में ब्लड शुगर का स्तर लंबे समय तक बढ़ा रह सकता है। कई लोगों को बीमारी का पता तब चलता है, जब शुगर काफी बढ़ चुकी होती है या शरीर में दूसरी परेशानियां दिखाई देने लगती हैं। लगातार हाई ब्लड शुगर रहने से रक्त वाहिकाओं, नसों, किडनी और आंखों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।

आकाश हेल्थकेयर के डॉ. विक्रमजीत सिंह के अनुसार, डायबिटीज की पहचान के लिए लक्षणों का इंतजार नहीं करना चाहिए। जब तक व्यक्ति को अधिक प्यास लगने या लगातार थकान महसूस होने जैसी शिकायत होती है, तब तक शरीर पर इसका असर शुरू हो सकता है। उनके मुताबिक, 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को नियमित जांच पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, कम उम्र में भी परिवार में डायबिटीज का इतिहास, कमर का बढ़ा हुआ आकार या लंबे समय तक बैठकर काम करने जैसी स्थितियां जोखिम बढ़ा सकती हैं। ऐसे लोगों को डॉक्टर की सलाह से फास्टिंग ब्लड शुगर और HbA1c जांच करानी चाहिए।
पुरुषों में यौन समस्याएं भी हो सकती हैं डायबिटीज का संकेत
डायबिटीज का असर केवल ब्लड शुगर तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह पुरुषों के यौन स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर सकती है। वीएनए हॉस्पिटल में यूरोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. विनीत के मुताबिक, लंबे समय तक ब्लड शुगर बढ़ी रहने से नसों और रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंच सकता है। इसका असर यौन क्षमता पर भी पड़ सकता है।

डॉक्टरों के अनुसार, कुछ पुरुषों में इरेक्टाइल डिसफंक्शन यानी इरेक्शन से जुड़ी परेशानी और टेस्टोस्टेरोन के स्तर में कमी देखने को मिल सकती है। कई पुरुष सामाजिक झिझक या संकोच के कारण इन समस्याओं पर खुलकर बात नहीं करते। इसके चलते जांच और इलाज में देरी हो सकती है। यदि ऐसी परेशानी लगातार बनी रहती है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। इसे केवल उम्र या तनाव से जुड़ी समस्या मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
महिलाओं की फर्टिलिटी और गर्भावस्था पर भी पड़ सकता है असर
डायबिटीज महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर सकती है। नर्चर आईवीएफ की डॉ. अर्चना बजाज के अनुसार, गर्भधारण में परेशानी का सामना कर रहे कुछ दंपतियों में ब्लड शुगर की समस्या भी सामने आती है। महिलाओं में अनियंत्रित शुगर ओव्यूलेशन यानी अंडोत्सर्जन की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है।
इसके अलावा, गर्भावस्था के दौरान जेस्टेशनल डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है। अनियंत्रित ब्लड शुगर गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं और गर्भपात के जोखिम से भी संबंधित हो सकती है। डॉक्टरों के मुताबिक, कम उम्र की महिलाओं में पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS) की समस्या भी देखी जा रही है। PCOS और इंसुलिन रेजिस्टेंस के बीच संबंध पाया गया है, जिससे आगे चलकर टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है।
डायबिटीज से बचाव के लिए लाइफस्टाइल में करें बदलाव
डॉक्टरों का मानना है कि डायबिटीज से बचाव और इसके नियंत्रण के लिए केवल दवाओं पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। खानपान और रोजमर्रा की आदतों में सुधार करना भी जरूरी है। अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड, मीठे पेय पदार्थों का अधिक सेवन, लंबे समय तक बैठे रहना और शारीरिक गतिविधियों की कमी इस बीमारी का जोखिम बढ़ा सकती है।
बचाव के लिए संतुलित भोजन करें, नियमित रूप से टहलें या व्यायाम करें और लंबे समय तक लगातार बैठने से बचें। वजन और कमर के आकार को नियंत्रित रखने की कोशिश करें। पर्याप्त नींद लें और समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच कराएं। खासतौर पर जिन लोगों के परिवार में डायबिटीज का इतिहास है, उन्हें डॉक्टर से अपनी जांच की सही समय-सीमा के बारे में सलाह लेनी चाहिए।समय पर जांच, स्वस्थ जीवनशैली और जरूरत पड़ने पर उचित इलाज से डायबिटीज के जोखिम तथा उससे जुड़ी जटिलताओं को कम करने में मदद मिल सकती है।
Read More : Prashant Kishor: 2029 में कांग्रेस हरा सकती है BJP, प्रशांत किशोर ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

