Ambikapur News : सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करजी से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक कलयुगी पिता ने अपने ही 2 वर्षीय मासूम बेटे हर्षित की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात की जानकारी आरोपी ने खुद अपनी पत्नी को फोन लगाकर दी, जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार आरोपी जुगलाल सिंह ने पत्नी विनीता को फोन पर कहा कि “तेरे बेटे हर्षित को मौत के घाट उतार रहा हूं।” यह सुनकर विनीता सदमे में आ गई। मायके से ससुराल आने की तैयारी कर ही रही थी कि तभी दूसरा कॉल आया और सूचना मिली कि बेटे की मौत हो चुकी है। आरोपी ने मासूम को पटक-पटक कर जान ले ली।

मृतक की मां विनीता सिंह पिछले एक साल से अपने मायके मैनपाट के रोपाखार में रह रही थी। 2022 में हुई शादी के बाद कुछ समय सब ठीक चला, लेकिन आरोपी पति शराब पीकर आए दिन मारपीट करने लगा था। परेशान होकर विनीता बेटे को लेकर मायके चली गई थी। लेकिन हाल ही में आरोपी ने ‘बेटे के बिना जी नहीं पाऊंगा’ कहकर हर्षित को अपने साथ ले लिया और अब उसी बेटे की हत्या कर डाली।
घटना की सूचना मिलते ही दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। इस दर्दनाक वारदात के बाद मृतक की मां ने न्याय की गुहार लगाई है। वहीं मृतक का नाना राजेश भी आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।










