DSSSB Recruitment 2026 : दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) ने दिल्ली जिला एवं सत्र न्यायालय और परिवार न्यायालयों में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत कुल 641 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इस भर्ती में 10वीं पास से लेकर ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग पद शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 4 नवंबर 2026 रात 11 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
किन पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती अभियान में सीनियर पर्सनल असिस्टेंट के 27 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं पर्सनल असिस्टेंट के कुल 206 पद हैं, जिनमें 189 पद जिला एवं सत्र न्यायालय और 17 पद परिवार न्यायालय के लिए हैं। जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट के 174 पद हैं, जिसमें जिला एवं सत्र न्यायालय के 151 और परिवार न्यायालय के 23 पद शामिल हैं।
प्रोसेस सर्वर और चपरासी के पद भी शामिल
प्रोसेस सर्वर के कुल 92 पदों पर भर्ती होगी। इनमें 91 पद जिला एवं सत्र न्यायालय और एक पद परिवार न्यायालय के लिए है। इसके अलावा चपरासी, ऑर्डरली और डाक चपरासी के कुल 142 पद रखे गए हैं। इनमें जिला एवं सत्र न्यायालय के 139 और परिवार न्यायालय के तीन पद शामिल हैं।
ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए कौन से पद?
सीनियर पर्सनल असिस्टेंट, पर्सनल असिस्टेंट और जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है। सीनियर पर्सनल असिस्टेंट के लिए 110 शब्द प्रति मिनट की शॉर्टहैंड और 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड मांगी गई है।
टाइपिंग और कंप्यूटर स्किल भी जरूरी
पर्सनल असिस्टेंट पद के लिए 100 शब्द प्रति मिनट की शॉर्टहैंड, 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड और कंप्यूटर का ज्ञान आवश्यक है। जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट पद के लिए कंप्यूटर पर कम से कम 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड जरूरी होगी।
10वीं पास उम्मीदवार भी कर सकते हैं आवेदन
प्रोसेस सर्वर पद के लिए उम्मीदवार का मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ वैध LMV ड्राइविंग लाइसेंस भी होना चाहिए। चपरासी, ऑर्डरली और डाक चपरासी के पदों के लिए भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इस तरह भर्ती में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों को अवसर दिया गया है।
कितनी है आयु सीमा?
DSSSB भर्ती के लिए सामान्य आयु सीमा 18 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। SC और ST उम्मीदवारों को पांच वर्ष तथा OBC उम्मीदवारों को तीन वर्ष की छूट का प्रावधान है। PwBD और पूर्व सैनिकों को भी नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी।
पद के अनुसार अलग होगी चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन संबंधित पद के अनुसार अलग-अलग चरणों में किया जाएगा। सीनियर पर्सनल असिस्टेंट और पर्सनल असिस्टेंट के लिए Tier-1 MCQ परीक्षा, Tier-2 डिस्क्रिप्टिव परीक्षा, शॉर्टहैंड एवं टाइपिंग स्किल टेस्ट और इंटरव्यू होगा। जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट के लिए परीक्षा के बाद टाइपिंग टेस्ट और इंटरव्यू होगा।
प्रोसेस सर्वर और चपरासी का चयन कैसे होगा?
प्रोसेस सर्वर पद के लिए लिखित परीक्षा के साथ ड्राइविंग टेस्ट और इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। वहीं चपरासी, ऑर्डरली और डाक चपरासी पदों के लिए लिखित परीक्षा के बाद इंटरव्यू होगा। इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को संबंधित पद की चयन प्रक्रिया और योग्यता जरूर देखनी चाहिए।
DSSSB Recruitment 2026: ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार DSSSB के ऑनलाइन पोर्टल पर जाएं। सबसे पहले न्यू रजिस्ट्रेशन पूरा करें और फिर अपनी लॉगिन आईडी व पासवर्ड से पोर्टल पर लॉगिन करें। इसके बाद व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करें। फोटो और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क जमा करें। अंत में फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
Read More : Stock Market Today : शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 180 अंक टूटा, आईटी शेयरों ने संभाला बाजार