Semiconductor Career : आज के डिजिटल दौर में मोबाइल फोन, लैपटॉप, स्मार्ट टीवी, कार, मेडिकल उपकरण और कई आधुनिक मशीनें सेमीकंडक्टर चिप्स की मदद से काम करती हैं। इन छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बिना तकनीक की दुनिया की कल्पना करना मुश्किल है। यही वजह है कि दुनियाभर में सेमीकंडक्टर चिप्स की मांग लगातार बढ़ रही है। भारत भी इस क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री करियर का एक अच्छा विकल्प बन सकती है।
12वीं के बाद कौन-से विषय और कोर्स चुनें?
अगर आप 12वीं के बाद सेमीकंडक्टर सेक्टर में करियर बनाना चाहते हैं, तो स्कूली स्तर पर फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथमैटिक्स यानी PCM विषयों का चयन करना फायदेमंद रहता है। इन विषयों से इलेक्ट्रॉनिक्स, गणितीय गणना और भौतिकी की बुनियादी समझ विकसित होती है, जो आगे की पढ़ाई में मदद करती है।

12वीं पास करने के बाद छात्र बीटेक (B.Tech) या बीई (B.E.) में दाखिला ले सकते हैं। इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग जैसे विकल्प उपयोगी हैं। इसके अलावा फिजिक्स और मटेरियल साइंस की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी भी इस इंडस्ट्री में अवसर तलाश सकते हैं।

चिप डिजाइनिंग के लिए VLSI की पढ़ाई है जरूरी
सेमीकंडक्टर क्षेत्र में चिप डिजाइनिंग एक महत्वपूर्ण काम है। इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए छात्र वीएलएसआई (VLSI) यानी Very Large Scale Integration से जुड़ी पढ़ाई कर सकते हैं। इसमें छोटे आकार के इलेक्ट्रॉनिक सर्किट और चिप डिजाइन करने की तकनीक सिखाई जाती है। बीटेक के बाद वीएलएसआई में विशेषज्ञता या संबंधित पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स भी किया जा सकता है।वहीं, जो विद्यार्थी चिप निर्माण इकाइयों में टेक्नीशियन के रूप में काम करना चाहते हैं, उनके लिए इलेक्ट्रॉनिक्स या इलेक्ट्रिकल ट्रेड में आईटीआई और पॉलिटेक्निक डिप्लोमा भी विकल्प हो सकते हैं।
सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में काम आने वाली तकनीकी स्किल्स
इस क्षेत्र में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को प्रोग्रामिंग और इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी विकसित करनी चाहिए। चिप डिजाइनिंग में C, C++, Python जैसी प्रोग्रामिंग भाषाओं का ज्ञान उपयोगी होता है। इसके साथ Verilog और VHDL जैसी हार्डवेयर डिजाइन भाषाएं सीखना भी महत्वपूर्ण है।इसके अलावा चिप डिजाइन, सिमुलेशन और टेस्टिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले विशेष सॉफ्टवेयर और टूल्स की जानकारी जरूरी है। चिप निर्माण इकाइयों में काम करने के इच्छुक युवाओं को मशीनों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, सिलिकॉन वेफर और निर्माण प्रक्रिया की समझ विकसित करनी चाहिए।

प्रोजेक्ट और इंटर्नशिप से मिलेगा व्यावहारिक अनुभव
सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में बेहतर अवसर पाने के लिए पढ़ाई के साथ प्रैक्टिकल अनुभव हासिल करना भी जरूरी है। छात्र कॉलेज के दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स और सर्किट डिजाइन से जुड़े छोटे प्रोजेक्ट बना सकते हैं। इसके अलावा संबंधित कंपनियों और संस्थानों में इंटर्नशिप करने से वास्तविक कार्यप्रणाली समझने का मौका मिलता है। इससे तकनीकी कौशल के साथ समस्या सुलझाने की क्षमता भी बेहतर होती है।
सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में कहां मिल सकती है नौकरी?
इस सेक्टर में करियर के कई रास्ते उपलब्ध हैं। योग्य उम्मीदवार चिप डिजाइन इंजीनियर, वीएलएसआई इंजीनियर, सेमीकंडक्टर प्रोसेस इंजीनियर, टेस्टिंग इंजीनियर और पैकेजिंग इंजीनियर जैसे पदों के लिए अवसर तलाश सकते हैं।चिप डिजाइन इंजीनियर इलेक्ट्रॉनिक सर्किट तैयार करते हैं, जबकि फैब्रिकेशन यूनिट में काम करने वाले विशेषज्ञ सिलिकॉन वेफर पर चिप बनाने की प्रक्रिया संभालते हैं। इसके अलावा तैयार चिप की जांच, गुणवत्ता नियंत्रण और पैकेजिंग से जुड़े काम भी इस इंडस्ट्री का अहम हिस्सा हैं।
युवाओं के लिए खुल सकते हैं नए करियर विकल्प
सेमीकंडक्टर तकनीक का इस्तेमाल बढ़ने के साथ इस क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं की जरूरत भी महत्वपूर्ण होती जा रही है। सही विषयों का चयन, संबंधित इंजीनियरिंग कोर्स, तकनीकी कौशल और व्यावहारिक अनुभव के जरिए विद्यार्थी इस इंडस्ट्री में अपना भविष्य बना सकते हैं। हालांकि, नौकरी के अवसर कंपनी, योग्यता, विशेषज्ञता और अनुभव के आधार पर अलग-अलग हो सकते हैं।
