Election Commission : भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने 17 अगस्त 2025 को दोपहर 3 बजे नई दिल्ली के राष्ट्रीय मीडिया केंद्र, रायसीना रोड पर एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। हालांकि चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के विषय को स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन सियासी हलकों में इस बात की जोरदार अटकलें लगाई जा रही हैं कि इसमें बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है।

बिहार SIR के बाद पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस
यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के बाद पहली बार हो रही है। बिहार में SIR प्रक्रिया 25 जून 2025 से शुरू हुई थी और इसका पहला चरण 8 जुलाई 2025 को पूरा हुआ। उसी दिन बिहार की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई थी, जिसे लेकर राजनीतिक विवाद भी खड़ा हो गया था।

वोटर लिस्ट विवाद और कांग्रेस का आरोप
बिहार की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और RJD ने कड़ी आपत्ति जताई थी। विवाद इतना बढ़ा कि यह दिल्ली तक पहुंच गया। कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA अलायंस ने चुनाव आयोग और भाजपा पर वोट चोरी के आरोप लगाए। इस आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब चुनाव आयोग के जवाब की उम्मीद लगाई जा रही है। माना जा रहा है कि कल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग इस वोट चोरी के आरोपों का भी खुलकर जवाब दे सकता है।
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों पर सियासी उत्सुकता
बिहार विधानसभा चुनाव की संभावित तारीखों को लेकर लंबे समय से राजनीतिक दलों में हलचल जारी है। बिहार में विधानसभा चुनाव सितंबर-अक्टूबर 2025 के महीने में होने की संभावना है। पिछले छह महीनों से सभी पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुटी हुई हैं। बिहार SIR भी चुनाव की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद चुनाव की तारीखों का ऐलान होने से चुनाव प्रचार, मतदान और मतगणना की तैयारियों का औपचारिक दौर शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही राजनीतिक दल अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस से क्या हो सकता है असर?
अगर चुनाव आयोग बिहार चुनाव की तारीखों का ऐलान करता है, तो राज्य में राजनीतिक गतिविधियां और भी तेज़ हो जाएंगी। दल चुनावी गठजोड़ों को अंतिम रूप देंगे और उम्मीदवारों के नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वहीं, वोट चोरी के आरोपों पर चुनाव आयोग का जवाब राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में नए बहस को जन्म दे सकता है। चुनाव आयोग की यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बिहार की राजनीतिक परिस्थितियों पर इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा। मतदाता भी इस फैसले को लेकर उत्सुक हैं क्योंकि इससे चुनाव की प्रक्रिया और लोकतंत्र की गुणवत्ता पर असर पड़ेगा।
Read More : Irfan Pathan ने 2009 में टीम इंडिया से बाहर होने का जिम्मेदार माना था कप्तान एमएस धोनी को?










