Ambikapur News : सरगुजा जिले के थाना धौरपुर पुलिस ने आत्महत्या के दुष्प्रेरण के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी पर मृतिका को लंबे समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतिका बसंती सिंह करीब तीन वर्ष से अपनी मर्जी से रामदयाल दास के साथ पति-पत्नी के रूप में रह रही थी। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद के चलते अक्सर झगड़े होते थे और पति द्वारा मारपीट की जाती थी। इसी दौरान रामदयाल दास मृतिका को बार-बार आत्महत्या के लिए उकसाता था।

घटना 14 जुलाई 2025 की दोपहर की है, जब आरोपी ने फिर से बसंती सिंह के साथ मारपीट की। इससे आहत होकर और मानसिक प्रताड़ना से टूटकर बसंती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मर्ग जांच के बाद थाना धौरपुर में अपराध क्रमांक 30/25 धारा 108 बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को सखौली से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धौरपुर उप निरीक्षक अश्वनी दीवान, सहायक उप निरीक्षक रामधनी राम और आरक्षक पंकज देवांगन, सुशील मिंज व हरिकिसून सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही।










