Ambikapur News : रविवार शाम सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम आमाटोली में गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान हुए हादसे में पुलिस ने चालक अमित मरावी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का अपराध पंजीकृत किया है। आरोप है कि वह शराब के नशे में था। उसके पास वाहन चलाने का लाइसेंस भी नहीं था। इसके बावजूद वह कार चला रहा था। घटना में एक बालक की मौत हो गई थी। आठ लोग घायल हुए थे।

ग्राम ढेलसरा के ग्रामीणजन गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए मांडनदी जा रहे थे। ढेलसरा कटईपारा के पास पीछे से आ रही कार को चालक अमित मराबी ने भीड़ में घुसा दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि चालक अमित मराबी नशे की हालत में था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है। हादसे के बाद जब लोगों ने उसे कार से बाहर निकाला तो उसके मुंह से शराब की तीव्र गंध आ रही थी।

इस घटना में शोभायात्रा में शामिल कान्ता पैकरा, कल्पना पैकरा, संध्या पैकरा, अनाया पैकरा, सूरजमनी पैकरा, दिव्यांशी पैकरा, अनिता पैकरा और आशना पैकरा घायल हो गईं। इनमें रितेश पैकरा और आशना पैकरा की हालत गंभीर थी। इलाज के लिए अंबिकापुर ले जाते समय रितेश पैकरा ने रास्ते में दम तोड़ दिया था जबकि आशना पैकरा का मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर में उपचार जारी है।
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई थी। ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत सीतापुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और गंभीर घायलों को अंबिकापुर रेफर किया गया था। हादसे के बाद वाहन मालिक कार को लेकर मौके से फरार हो गया था। चालक अमित मराबी के खिलाफ शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर गैर इरादतन हत्या के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।










