SAFF Championship 2026 : दक्षिण एशियाई फुटबॉल का सबसे रोमांचक मुकाबला देखने के लिए फैंस तैयार हैं। SAFF Championship 2026 का आगाज 5 नवंबर से होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले ही दिन भारत और पाकिस्तान की फुटबॉल टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों देशों के बीच होने वाले इस मुकाबले को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। इस बार चैंपियनशिप का आयोजन बांग्लादेश की राजधानी ढाका में किया जा रहा है। भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन है और उसकी कोशिश अपने खिताब को बरकरार रखने की होगी।
भारत-पाकिस्तान फुटबॉल मुकाबला आज, जानिए मैच का समय
SAFF Championship 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप-बी का मुकाबला 5 नवंबर को खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच की शुरुआत दोपहर 3 बजे होगी। दोनों टीमों के खिलाड़ी इस बड़े मुकाबले के लिए मैदान पर उतरेंगे। भारत के सामने पाकिस्तान को हराकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करने की चुनौती होगी। वहीं पाकिस्तान की टीम भी भारतीय टीम को कड़ी टक्कर देने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

VETO पर बिल्कुल फ्री देख सकेंगे भारत-पाकिस्तान मैच
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले फुटबॉल मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग को लेकर भी फैंस के लिए अच्छी खबर है। इस मैच का सीधा प्रसारण VETO प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। दर्शक यहां लॉगिन करके मुकाबले को बिल्कुल मुफ्त में देख सकेंगे। टूर्नामेंट के आयोजकों की ओर से सभी मुकाबलों के प्रसारण की सुविधा भी इसी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई है।

पिछली बार कुवैत को हराकर चैंपियन बना था भारत
भारतीय फुटबॉल टीम इस प्रतियोगिता की मौजूदा चैंपियन है। पिछली बार टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में कुवैत को पेनल्टी शूटआउट में हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब भारतीय खिलाड़ियों के सामने एक बार फिर चैंपियन बनने की चुनौती है। 5 से 17 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। ऐसे में भारत को खिताब बचाने के लिए शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन करना होगा।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहद शानदार
भारत और पाकिस्तान के बीच फुटबॉल मुकाबलों का इतिहास टीम इंडिया के पक्ष में रहा है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 25 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 16 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को केवल दो मुकाबलों में सफलता मिली है। वहीं सात मैच ड्रॉ रहे हैं।

दोनों टीमों के बीच पिछली भिड़ंत 2023 की SAFF Championship में हुई थी। बेंगलुरु में खेले गए उस मुकाबले में भारतीय टीम ने सुनील छेत्री की शानदार हैट्रिक की बदौलत पाकिस्तान को 4-0 से करारी शिकस्त दी थी। अब टीम इंडिया एक बार फिर उसी प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी।
SAFF Championship 2026 के लिए भारतीय टीम का स्क्वॉड
भारतीय टीम में गोलकीपर अर्श अनवर शेख, मोहनराज के और प्रियांश दुबे शामिल हैं। इनके अलावा अब्दुल रबीह, बिजॉय वर्गीस, चिंगलेनसाना सिंह कोनशाम, हिंगथनमाविया राल्ते, खैमिनथांग ल्हुंगडिम, मुहम्मद उवैस, नाथन रोड्रिग्स, रोनी खारबुडन, संदीप मंडी, अभिषेक सूर्यवंशी, एडिसन सिंह थोकचोम, ब्रिसन फर्नांडीस, एबिंडास येसुदासन, फारुख चौधरी, मैकर्टन निकसन, मंगलेंथांग किपगेन, निखिल प्रभु, नौफल पीएन, रिकी जॉन शाबोंग, सुरेश सिंह वांगजम, इरफान यदवाड, लिस्टन कोलाको, मुहम्मद सुहैल, विष्णु पीवी और सुहैल अहमद भट को टीम में जगह मिली है।
पाकिस्तान फुटबॉल टीम का स्क्वॉड
पाकिस्तान की टीम में साकिब हनीफ, हसन अली, यूसुफ बट, अब्दुल रहमान, अब्दुल्ला इकबाल, अली खान नियाजी, ईसा सुलेमान, हारिस जेब, हसीब अहमद खान, मामून मूसा खान, मोहिबुल्लाह अफरीदी, वकार एहतिशाम बलूच, जुनैद शाह, आदिल नबी, अली उजैर महमूद, हय्यान खट्टक, तुफैल खान शिनवारी, जुनैल आबिदीन इशाक, मुहम्मद जुनैद, अली अकबर खान, सैयद अली रजा, अब्दुल समद अरशद, आलमगीर गाजी, कलीमुल्लाह, मैककील अब्दुल्ला, नजीबुल्लाह, शायक दोस्त और उमर नवाज शामिल हैं।

