Operation Sindoor : भारतीय सेना द्वारा ऑपरेशन सिंदूर को तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन इस अभियान की गूंज अब भी कायम है। बुधवार को सेना के उत्तरी कमांड के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर ऑपरेशन का एक नया वीडियो जारी किया गया, जिसमें इस मिशन के एतिहासिक क्षणों को दर्शाया गया है। इसके साथ ही एक स्पष्ट संदेश भी दिया गया – “आतंकवाद का सफाया होने तक भारत नहीं रुकेगा।” ऑपरेशन सिंदूर की झलकियाँ वीडियो की शुरुआत वैसरन घाटी की खूबसूरत लेकिन संवेदनशील वादियों से होती है, जहां ऑपरेशन की पृष्ठभूमि तैयार हुई। इसके बाद सेना की सतर्क तैयारियों, प्रधानमंत्री की उच्च स्तरीय बैठक और अंततः दुश्मन पर निर्णायक कार्रवाई के दृश्य वीडियो में दिखाए गए हैं। वीडियो के अंत में लिखा गया है: “पहलगाम हमले में शामिल अपराधियों का सफाया कर दिया गया है। आतंकवाद के खिलाफ भारत का अभियान जारी रहेगा।” https://twitter.com/i/status/1963183906259107972 पहलगाम हमला और भारत की कड़ी प्रतिक्रिया यह ऑपरेशन दरअसल 22 अप्रैल 2025 को हुए भीषण पहलगांव हमले के बाद शुरू किया गया था, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा के फ्रंट संगठन टीआरएफ के चार आतंकवादियों ने 26 निर्दोष नागरिकों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस हमले में एक स्थानीय कश्मीरी आतंकी ने भी मदद की थी।इस हमले के तुरंत बाद भारत ने 7 मई को सुबह-सुबह ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत की, जिसमें पाकिस्तान और पीओके में स्थित नौ आतंकी शिविरों को ध्वस्त कर दिया गया। जवाबी हमले और रणनीतिक संतुलन पाकिस्तान ने इस कार्रवाई के जवाब में भारत के सीमावर्ती राज्यों में आबादी वाले इलाकों और सैन्य ठिकानों पर हमला किया। इसके जवाब में भारतीय वायुसेना और थलसेना ने कम से कम 11 पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया। रक्षा सूत्रों के अनुसार, इस अभियान में अब तक, 100 से अधिक आतंकवादी और 35-40 पाकिस्तानी सैनिक मारे जा चुके हैं। युद्धविराम की पहल लगातार बढ़ते दबाव और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया के चलते, इस्लामाबाद ने युद्धविराम की पहल की, जिसे नई दिल्ली ने मानवीय दृष्टिकोण से स्वीकार कर लिया। इसके बावजूद, भारतीय सेना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढील नहीं दी जाएगी। ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य मिशन नहीं, बल्कि भारत की उस रणनीतिक नीति का प्रतीक है जिसमें आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने का संकल्प है। भारतीय सेना का यह स्पष्ट संदेश कि “भारत नहीं रुकेगा,” न केवल देशवासियों को विश्वास देता है, बल्कि दुश्मनों को चेतावनी भी। Read More : NHM Workers Resignation: छत्तीसगढ़ के 16 हजार NHM संविदा कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा दिया, हड़ताल 18वें दिन भी जारी














