Stock Market Crash: अमेरिका की ओर से भारत पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने के फैसले का असर आज भारतीय शेयर बाजार में साफ नजर आया। मंगलवार सुबह बाजार खुलते ही बिकवाली का माहौल बन गया और शुरुआती आधे घंटे के भीतर सेंसेक्स 650 अंकों से ज्यादा टूट गया। इस गिरावट से निवेशकों के करीब 4.65 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

सेंसेक्स-निफ्टी में भारी गिरावट
बाजार खुलने पर बीएसई सेंसेक्स 550 अंकों की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा था, लेकिन थोड़ी ही देर में यह गिरावट और तेज हो गई। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.80% की गिरावट के साथ 81,000 के नीचे फिसल गया। वहीं, निफ्टी 50 भी 0.72% की गिरावट के साथ 24,786 के स्तर पर आ गया।

किन सेक्टर्स पर दिखा असर?
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 27 कंपनियों के शेयर लाल निशान में नजर आए।फार्मा और बैंकिंग सेक्टर सबसे ज्यादा दबाव में रहे।एफएमसीजी सेक्टर में थोड़ी राहत देखी गई, जहां हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी और इटरनल के शेयर हरे निशान में ट्रेड कर रहे थे।दूसरी ओर, सन फार्मा, टाटा स्टील और पावरग्रिड जैसे बड़े स्टॉक्स में जोरदार बिकवाली देखी गई।
अमेरिका के टैरिफ फैसले से मचा हड़कंप
भारतीय बाजार में इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका की ओर से जारी किया गया अतिरिक्त टैरिफ का नोटिफिकेशन है। अमेरिका ने भारत पर 25% टैरिफ लागू करने की घोषणा की है, जो 27 अगस्त से प्रभावी होगी। इस फैसले से निवेशकों की भावनाओं को बड़ा झटका लगा है और वैश्विक अस्थिरता के बीच भारतीय बाजार में गिरावट देखने को मिली।
सोमवार को बढ़त, आज भारी नुकसान
बीते कारोबारी दिन यानी सोमवार को सेंसेक्स 329 अंक की मजबूती के साथ 81,635.91 पर बंद हुआ था। उस दिन बीएसई का कुल बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) ₹4,54,86,963.45 करोड़ था। लेकिन आज की गिरावट के बाद यह घटकर ₹4,50,21,714.53 करोड़ पर आ गया, जिससे महज आधे घंटे में निवेशकों के 4.65 लाख करोड़ रुपये डूब गए।
टॉप गेनर्स और लूजर्स
टॉप लूजर:वोडाफोन आइडिया के शेयरों में भारी गिरावट देखी गई। कंपनी के स्टॉक्स 9.18% गिरकर ₹6.72 पर आ गए।
टॉप गेनर:ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में तेजी रही। कंपनी के स्टॉक्स में लगभग 4% की बढ़त के साथ शेयर ₹51 पर ट्रेड कर रहे थे।
Read More : Dowry Harassment Case: शादी के चार महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, सास और पति पर उत्पीड़न का आरोप










