IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान और स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन फ्रेंचाइजी से अपना 11 साल पुराना नाता तोड़ सकते हैं। IPL 2026 से पहले टीम और खिलाड़ी के बीच तनावपूर्ण संबंधों की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि सैमसन अब अगले सीजन में राजस्थान की जर्सी में नजर नहीं आएंगे।

परिवार और करीबी खिलाड़ियों के संकेत
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, संजू सैमसन के परिवार ने इस ओर संकेत दिए हैं कि वह राजस्थान रॉयल्स में अब नहीं रहना चाहते। उनके कुछ करीबी IPL और इंटरनेशनल खिलाड़ियों ने भी पुष्टि की है कि सैमसन और फ्रेंचाइजी के बीच रिश्ते सामान्य नहीं हैं। हालांकि, राजस्थान की ओर से अभी तक इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

आसान नहीं है टीम बदलना
आईपीएल के नियमों के मुताबिक, कोई भी खिलाड़ी एकतरफा फैसला लेकर टीम नहीं छोड़ सकता। खिलाड़ी और फ्रेंचाइजी के बीच अनुबंध आम तौर पर तीन साल का होता है। यदि दोनों पक्ष आपसी सहमति से अलग होते हैं या BCCI की मध्यस्थता से ट्रांसफर होता है, तभी खिलाड़ी फ्रेंचाइजी बदल सकता है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या राजस्थान रॉयल्स सैमसन को रिलीज करता है या नहीं।
फ्रेंचाइजी के लिए बढ़ी मुश्किल
राजस्थान रॉयल्स के लिए यह स्थिति किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं है। संजू सैमसन न केवल टीम के कप्तान हैं, बल्कि शीर्ष बल्लेबाजों में भी शामिल हैं। टीम उन्हें बनाए रखने के लिए नीलामी से पहले अक्सर रिटेन करती आई है। लेकिन अगर कप्तान ही टीम का हिस्सा नहीं बनना चाहता, तो ड्रेसिंग रूम का माहौल भी प्रभावित हो सकता है। किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए यह एक बड़ी चुनौती होती है कि वह ऐसे खिलाड़ी को बनाए रखे जो मानसिक रूप से टीम से जुड़ा नहीं है।
सैमसन का प्रदर्शन
IPL 2025 में चोट की वजह से केवल 9 मैच खेल पाए संजू सैमसन ने 285 रन बनाए। जबकि IPL 2024 में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 मैचों में 531 रन ठोके थे, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल थे। उनके आईपीएल करियर की बात करें तो सैमसन अब तक 177 मैचों में 4704 रन बना चुके हैं।
अगर संजू सैमसन वाकई में राजस्थान रॉयल्स छोड़ते हैं, तो यह IPL 2026 की सबसे बड़ी हलचल साबित हो सकती है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि फ्रेंचाइजी क्या फैसला लेती है और क्या संजू किसी नई टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे।
Read More : Radhé Radhé controversy: ‘राधे-राधे’ बोलने पर बच्ची के मुंह पर टेप, बाल आयोग ने स्कूल प्रबंधन को किया तलब











