Iran US War : पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच एक नया विवाद सामने आया है। संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत गुलामहोसैन दर्जी ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह ईरान के खिलाफ सैन्य हमलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है। ईरानी राजनयिक ने दावा किया कि अमेरिका अत्याधुनिक AI टूल्स की मदद से हमले के लिए ठिकानों का चयन कर रहा है। इसके अलावा लक्ष्यों की प्राथमिकता तय करने और सटीक लोकेशन हासिल करने में भी इस तकनीक का सहारा लिया जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उठाया AI युद्ध का मुद्दा
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में गुलामहोसैन दर्जी ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध में AI का बढ़ता इस्तेमाल गंभीर चिंता का विषय है। उनके मुताबिक, तकनीकी विकास और निजी कंपनियों की भागीदारी किसी भी देश को अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन की जिम्मेदारी से बचने की छूट नहीं दे सकती।उन्होंने अमेरिका और इजराइल पर अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपनी जिम्मेदारियों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। दर्जी ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करके जवाबदेही से बचने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती।

सैन्य AI के इस्तेमाल पर UN से अंतरराष्ट्रीय निगरानी की मांग
ईरानी राजदूत ने स्वचालित युद्ध प्रणाली यानी ऑटोमेटेड वारफेयर के खतरों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि युद्ध में AI की बढ़ती भूमिका के दूरगामी परिणाम हो सकते हैं। खासकर जब किसी तकनीक के जरिए हमले के लक्ष्य चुने जाएं और सैन्य कार्रवाई के फैसलों में मशीनों की भूमिका बढ़ने लगे।दर्जी ने संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में एक अंतरराष्ट्रीय गवर्नेंस व्यवस्था बनाने की मांग की। उनका कहना था कि सैन्य अभियानों में AI के इस्तेमाल की निगरानी होनी चाहिए, ताकि इस तकनीक को अनियंत्रित होने से रोका जा सके।

ट्रंप बोले- ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना लक्ष्य
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान और भविष्य की रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान के लिए जनवरी तक की फंडिंग सुरक्षित है।ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर डेमोक्रेट्स अमेरिकी कांग्रेस में नियंत्रण हासिल कर सैन्य अभियान को सीमित करने की कोशिश करते हैं, तो इससे अमेरिका की कथित पूरी जीत हार में बदल सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान के खिलाफ अभियान का मुख्य उद्देश्य तेहरान में सत्ता परिवर्तन करना नहीं, बल्कि उसे परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है।
ट्रंप ने स्थायी परमाणु समझौते की जताई इच्छा
फॉक्स न्यूज को दिए एक अन्य इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि वह ईरान के साथ कूटनीतिक समाधान चाहते हैं। हालांकि, किसी भी संभावित समझौते में ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं पर स्थायी रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह ऐसा समझौता चाहते हैं, जिससे भविष्य में ईरान परमाणु हथियार हासिल न कर सके।ट्रंप ने ईरान के नए नेतृत्व को पहले की तुलना में अधिक तर्कसंगत बताया, लेकिन उसकी विश्वसनीयता पर सवाल भी उठाए। उनका आरोप है कि ईरान पहले भी कई बार अंतरराष्ट्रीय समझौतों का उल्लंघन कर चुका है।

पेट्रोल की कीमतों और आर्थिक नुकसान पर भी ट्रंप का बयान
ट्रंप ने कहा कि पेट्रोल की कीमतें इस बात पर निर्भर कर सकती हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का समाधान किस तरह निकलता है। उन्होंने दावा किया कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन उसकी शर्तें अमेरिका को स्वीकार नहीं हैं।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ईरान पिछले 51 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह करता रहा है। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका किसी दिखावटी समझौते के बजाय वास्तविक और स्थायी समाधान चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा संघर्ष के कारण हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई ईरान को करनी चाहिए।
नेतन्याहू ने फिर सैन्य कार्रवाई पर विचार करने को कहा
पश्चिम एशिया में तनाव के बीच इजराइल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी प्रशासन से तेहरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई करने पर विचार करने का आग्रह किया है। इससे क्षेत्र में संघर्ष और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका के दो ड्रोन मार गिराने का दावा
इसी बीच ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर अमेरिका के दो मानवरहित हवाई वाहनों को मार गिराया है। ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB के मुताबिक, ईरानी वायु रक्षा प्रणालियों ने रणनीतिक जलमार्ग के पश्चिमी हिस्से में अमेरिका के लुकास सुसाइड ड्रोन को नष्ट किया।इसके अलावा पूर्वी हिस्से के आसमान में अमेरिकी MQ-9 ड्रोन को भी मार गिराने का दावा किया गया है। इन घटनाओं से अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव और गंभीर होने की आशंका बढ़ गई है।

