Ambikapur Fake Baba Arrest : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रूहानी ताकत और जादू-टोने के नाम पर लोगों को ठगने वाले कथित बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी नौशाद अली के रूप में हुई है। आरोप है कि वह खुद को सूफी सईद बाबा बताकर लोगों की परेशानियां दूर करने और मृत व्यक्ति को दोबारा जिंदा करने तक का दावा करता था। पुलिस के मुताबिक, उसने 50 से अधिक लोगों को अपने झांसे में लेकर लाखों रुपये वसूले हैं। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर का है।
नौ महीने पहले अंबिकापुर पहुंचा था आरोपी
जानकारी के अनुसार, नौशाद अली करीब नौ महीने पहले अंबिकापुर आया था। वह रसूलपुर निवासी दीपक खान के घर पर रहने लगा था। बताया जाता है कि उसने अपने ठिकाने का नाम ‘रकह बाबे शिफा’ रखा था। इसी जगह पर वह लोगों से मुलाकात करता था और उनकी समस्याओं का समाधान करने का दावा करता था।

आरोप है कि नौशाद खुद को रूहानी ताकतों का मालिक और खुदा का मसीहा बताकर लोगों को प्रभावित करता था। वह बीमारी ठीक करने, जादू-टोने का असर खत्म करने और नि:संतान दंपतियों को संतान दिलाने का भरोसा देता था। लोगों को डर दिखाकर उनसे पैसे ऐंठने का आरोप भी है।

युवाओं और परेशान परिवारों को बनाता था निशाना
वकील मोहम्मद अनीस के मुताबिक, कथित बाबा 25 से 27 साल के युवाओं को भी निशाना बनाता था। खासकर ऐसे लोगों को अपने पास बुलाता था, जिनका कामकाज ठीक नहीं चल रहा था। उन्हें रात के समय मिलने के लिए कहा जाता था। आरोप है कि वह उनकी परेशानियों को जादू-टोने और रूहानी शक्तियों से जोड़कर डर पैदा करता था।
वकील ने एक बच्चे का मामला भी बताया। उनके अनुसार, बच्चे की तबीयत खराब थी। उसे ठीक करने का दावा करते हुए आरोपी ने उसके पिता से करीब साढ़े चार लाख रुपये ले लिए। हालांकि, दो महीने बाद बच्चे की मौत हो गई। जब परिवार ने पैसे और दावे को लेकर सवाल किया, तो कथित बाबा ने रूहानी ताकत से नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

किसी से 75 हजार तो किसी से लिए नौ लाख रुपये
शिकायतकर्ताओं ने आरोपी पर अलग-अलग रकम वसूलने के आरोप लगाए हैं। आसीर अंसारी के मुताबिक, नौशाद ने उससे फोन-पे और नकद के जरिए कुल 75 हजार रुपये लिए। शिकायत में बैकुंठपुर के बाबा खान से नौ लाख रुपये, रसूलपुर के शाहिद से चार लाख रुपये और यासीर खान से 75 हजार रुपये लेने का आरोप है।
इसके अलावा आदिल से 10 हजार, सोएब अख्तर से 20 हजार, समीर सिद्दीकी से 20 हजार और लारेब अहमद से भी 20 हजार रुपये लेने की शिकायत की गई है। अन्य लोगों ने भी हजारों रुपये ठगे जाने की बात कही है।
थाने पहुंचे 50 से ज्यादा लोग, पुलिस ने दर्ज किया केस
कथित ठगी की जानकारी सामने आने के बाद 24 नवंबर की रात रसूलपुर के 50 से अधिक लोग कोतवाली थाने पहुंचे। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित लोगों ने उसके ठिकाने को भी घेर लिया था, लेकिन वहां नौशाद अली मौजूद नहीं मिला। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत दी।
BNS की धारा 318 में आरोपी गिरफ्तार
शिकायतों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने नौशाद अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।सरगुजा के एएसपी राजेश देवांगन ने बताया कि आरोपी घूम-घूमकर नि:संतान दंपतियों को संतान दिलाने का दावा करता था। छोटी-छोटी परेशानियों से जूझ रहे लोगों को जादू-टोने का डर दिखाकर ठगी की जाती थी। उन्होंने कहा कि कई लोग शिकायत लेकर सामने आए हैं। जांच आगे बढ़ने पर पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है।

