FIFA World Cup 2026 : दुनिया भर में फुटबॉल के करोड़ों दीवाने हैं, जो अपनी पसंदीदा टीम का हौसला बढ़ाने के लिए पानी की तरह पैसा बहाते हैं और स्टेडियम पहुंचकर अपनी पसंदीदा टीम के लिए दीवानगी की हद तक चीयर करते हैं। लेकिन मैच खत्म होने के बाद, कुछ दर्शक मैदान पर कचरे के रूप में गंदगी छोड़ जाते हैं, तो वहीं कुछ ऐसे भी होते हैं जो अपनी अमिट छाप छोड़ जाते हैं।
इस मामले में जापानी फुटबॉल फैंस ने एक बार फिर पूरी दुनिया के सामने सभ्यता और संस्कृति की एक अनूठी मिसाल पेश की है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले बेहद रोमांचक मुकाबले में जब जापान की ‘ब्लू समुराई’ टीम ने नीदरलैंड जैसी फुटबॉल की महाशक्ति को बराबरी पर रोक दिया, तो उसके बाद जापानी प्रशंसकों ने डलास स्टेडियम की दीर्घाओं (गैलरी) की जिस तरह सफाई की, उसने खेल जगत को अचंभित कर दिया है।
व्हीलचेयर पर बैठे दिव्यांग प्रशंसक ने भी सफाई अभियान में बटाया हाथ
ग्रुप स्टेज के इस पहले कड़े मुकाबले में एशियाई देश जापान ने दो बार पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी की और नीदरलैंड के खिलाफ मैच को 2-2 से ड्रॉ पर समाप्त करने में सफलता पाई। मैदान के भीतर जापानी खिलाड़ियों के जुझारू खेल और कभी हार न मानने वाले जज्बे ने जहां खेल प्रेमियों का दिल जीता, वहीं मैदान के बाहर जापानी समर्थकों की खेल भावना और उच्च सामाजिक चेतना ने वैश्विक स्तर पर सबका ध्यान खींचा।
इस बार डलास स्टेडियम की सफाई के दौरान एक बेहद भावुक करने वाला दृश्य भी सामने आया, जहां व्हीलचेयर पर बैठे शमील नाम के एक दिव्यांग जापानी प्रशंसक ने भी दूसरों के साथ मिलकर सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर हाथ बंटाया। फीफा द्वारा आधिकारिक तौर पर साझा किए गए एक वीडियो में एक प्रशंसक ने बेहद गर्व से कहा, “हम यह काम अपने खिलाड़ियों, विरोधी टीम के फैंस और स्टेडियम प्रशासन के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए करते हैं। हमें इस वैश्विक मंच पर होने पर गर्व है, इसलिए हम अपने पीछे कोई गंदगी नहीं छोड़ना चाहते।”
मैच के रोमांच के बाद डलास स्टेडियम में जापानी फैंस ने दिखाया साफ दिमाग
आमतौर पर देखा जाता है कि दर्शक गैलरी में बैठकर मैच का आनंद लेते हुए तरह-तरह के स्नैक्स, फास्ट फूड और कोल्ड ड्रिंक्स का लुत्फ उठाते हैं, जिससे सीटों के आस-पास प्लास्टिक के रैपर, बोतलें और पैकेट्स बिखर जाते हैं। खेल के तीव्र रोमांच और जश्न के माहौल में अक्सर दर्शकों के लिए यह सोचना भी मुश्किल हो जाता है कि वे स्टेडियम को गंदा कर रहे हैं। लेकिन सोमवार की रात डलास स्टेडियम की चमचमाती तस्वीरें देखकर कोई भी हैरान रह सकता था।
मैच के दौरान जो गैलरी हजारों फैंस की चीख-पुकार, नाच-गाने और खाने-पीने से गुलजार थी, मैच खत्म होते ही वह एकदम शीशे की तरह साफ नजर आने लगी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए अनगिनत वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे जापानी प्रशंसक नीले रंग के बड़े प्लास्टिक बैग लेकर गैलरी की एक-एक सीट के नीचे पड़े कचरे को पूरी तन्मयता से खुद उठा रहे हैं।
रूस और कतर विश्व कप के बाद 2026 में भी जारी रही जापान की यह पावन परंपरा
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट्स में जापानियों का यह अनुकरणीय व्यवहार कोई नया नहीं है। जापानी फैंस ने अपनी इसी पुरानी और गौरवशाली आदत को दोहराते हुए डलास स्टेडियम की गैलरी को चमकाया है। इससे पहले साल 2018 में रूस में और साल 2022 में कतर में आयोजित हुए फीफा वर्ल्ड कप के दौरान भी जापानी समर्थकों ने मैच के नतीजे की परवाह किए बिना इसी तरह स्टेडियम की सफाई की थी।
निश्चित रूप से, बिना एक भी पैसा खर्च किए दुनिया के नक्शे पर जापान की सभ्यता और संस्कृति का इससे बेहतर और प्रभावशाली विज्ञापन कोई दूसरा नहीं हो सकता। डलास की इस खूबसूरत तस्वीर ने चुपचाप दुनिया को स्वच्छता का एक बहुत बड़ा और व्यावहारिक पाठ सिखाया है, जो इंसानी मन की गंदगी को धोने जैसा है। अब सवाल यह उठता है कि क्या दुनिया के बाकी देशों के खेल प्रेमी इस जापानी परंपरा से कुछ सीख लेंगे?
FIFA World Cup 2026 : वर्ल्ड कप के बीच में इस टीम का बड़ा एक्शन, मुख्य कोच तुरंत बर्खास्त