Jashpur News : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में धर्मांतरण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। जिले की चार ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने ग्रामसभा के फैसले के बाद गांवों के प्रवेश मार्गों पर ऐसे बोर्ड लगाए हैं, जिनमें पास्टर, फादर और सिस्टर के प्रवेश पर प्रतिबंध की बात लिखी गई है। इस फैसले के बाद जिले में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। जहां ग्रामीण इसे अपनी आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा का कदम बता रहे हैं, वहीं ईसाई आदिवासी महासभा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है।
चार ग्राम पंचायतों में लगाए गए प्रतिबंध वाले बोर्ड
जानकारी के मुताबिक, जशपुर जिले की सोगड़ा, चढ़िया, डूमरटोली और टेम्पू ग्राम पंचायतों में ग्रामसभा की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सहमति बनने के बाद गांवों के प्रवेश मार्गों पर बोर्ड लगाए गए। इन बोर्डों पर पास्टर, फादर और सिस्टर के गांव में प्रवेश पर रोक लगाने संबंधी संदेश लिखे गए हैं। साथ ही पेसा कानून 1996 का उल्लेख करते हुए ग्रामसभा के अधिकारों और आदिवासी परंपराओं के संरक्षण की बात कही गई है।बताया जा रहा है कि जशपुर विधायक रायमुनी भगत की मौजूदगी में भी इन बोर्डों को लगाया गया। इस घटनाक्रम के बाद धर्मांतरण और आदिवासी समाज के अधिकारों को लेकर बहस तेज हो गई है।

धर्मांतरण रोकने के लिए गांव-गांव चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
ग्रामीणों और आदिवासी नेताओं का कहना है कि क्षेत्र में आदिवासी संस्कृति, रीति-रिवाज और पारंपरिक मान्यताओं को सुरक्षित रखना जरूरी है। उनका आरोप है कि इलाके में धर्मांतरण की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे स्थानीय परंपराओं और सामाजिक पहचान पर असर पड़ रहा है।आदिवासी नेता संतन भगत ने कहा कि धर्मांतरण रोकने और पुरानी परंपराओं को बचाने के लिए अब गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उनका कहना है कि लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य होगा।

दूसरे गांवों तक भी अभियान पहुंचाने की तैयारी
चार ग्राम पंचायतों में बोर्ड लगाए जाने के बाद अब इस पहल को जिले के दूसरे गांवों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। आदिवासी नेताओं के मुताबिक, ग्रामीणों को अपनी संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाज और सामाजिक पहचान के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। आने वाले दिनों में जिले की अन्य पंचायतों में भी इस तरह के बोर्ड लगाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
ईसाई आदिवासी महासभा ने फैसले पर जताई नाराजगी
दूसरी तरफ, ग्रामसभाओं के इस फैसले पर ईसाई आदिवासी महासभा ने विरोध जताया है। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने कहा कि बोर्ड लगाकर किसी विशेष समुदाय के लोगों के प्रवेश पर रोक लगाना समाज को बांटने जैसा है।उनका मानना है कि यदि धर्मांतरण को लेकर कोई चिंता है, तो उसका समाधान जागरूकता और आपसी बातचीत के माध्यम से निकाला जाना चाहिए। इस तरह के प्रतिबंधात्मक बोर्ड सामाजिक दूरी बढ़ा सकते हैं। महासभा ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए धार्मिक स्वतंत्रता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की जरूरत बताई है।

आदिवासी परंपरा और धार्मिक स्वतंत्रता के बीच बढ़ा विवाद
जशपुर जिले में धर्मांतरण को लेकर पहले भी कई बार विवाद सामने आ चुके हैं। अब चार ग्राम पंचायतों के फैसले ने इस मुद्दे को फिर सुर्खियों में ला दिया है। एक तरफ ग्रामीण इसे आदिवासी पहचान और परंपराओं की सुरक्षा से जोड़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ ईसाई आदिवासी महासभा इसे सामाजिक विभाजन का कारण बता रही है।ऐसे में अब बहस ग्रामसभा के अधिकारों, पेसा कानून, आदिवासी संस्कृति और धार्मिक स्वतंत्रता के बीच संतुलन को लेकर हो रही है। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और जिले की दूसरी पंचायतें भी इस पहल का समर्थन करती हैं या नहीं।

